हिंदू नववर्ष पर भगवामय हुआ बिलासपुर: भव्य शोभायात्रा में 17 फीट ऊंचे श्रीराम, बनारस से हनुमान और जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र

त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

बिलासपुर - में हिंदू नववर्ष के अवसर पर पूरा शहर भगवामय नजर आ रहा है। सुबह से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को भगवा झंडों, बैनरों और रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया है। नववर्ष के स्वागत में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा दिनभर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शाम को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। शोभायात्रा में 17 फीट ऊंचे भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही वाराणसी (बनारस) से विशेष रूप से आमंत्रित हनुमानजी की जीवंत झांकी भी शामिल होगी, जिसे देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। इसके अलावा 10 सुसज्जित बग्घियों में सवार होकर जीवंत देवियां शोभायात्रा में शामिल होंगी, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएंगी।शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निकलेगी, जहां जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं। इन मंचों पर पुष्प वर्षा, आरती और स्वागत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है।

इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर इस पर्व को और भी खास बना रहे हैं। पूरे शहर में भक्ति गीतों की गूंज और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंजायमान है। हिंदू नववर्ष का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को भी प्रदर्शित करता है।

शोभायात्रा में रहेंगे वालंटियर -

शोभायात्रा की व्यवस्था 150 वालंटियर वॉकी-टॉकी से करेंगे। शोभायात्रा की खास बात यह होगी कि इसमें खाटू श्याम की भव्य झांकी भी निकाली जाएगी। इसे फूलों से सजाने के लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। खाटू श्याम के साथ निशान लेकर भक्त शोभायात्रा में शामिल होंगे, जिन्हें तिलक नगर हनुमान मंदिर में अर्पित किया जाएगा।

इन मार्गों से निकलेगी शोभायात्रा -

  शोभायात्रापुलिस मैदान से निकलकर सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, सीएमडी चौक, राजीव गांधी चौक, शिव टॉकीज चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, गोलबाजार, सदर बाजार और देवकी नंदन चौक होते हुए तिलक नगर हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यहां महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को 21 क्विंटल प्रसाद वितरित किया जाएगा।