सदन में गूंजेगा जंबूरी अनियमितता और स्कूल युक्तिकरण का मुद्दा, शिक्षा मंत्री देंगे जवाब

त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

रायपुर -छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज शिक्षा से जुड़े दो अहम मुद्दों—जंबूरी में हुई कथित अनियमितताओं और शालाओं के युक्तिकरण—को लेकर सदन में जोरदार बहस होने की संभावना है। विपक्ष ने इन दोनों विषयों को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है और पहले से ही कई सवाल नोटिस के जरिए लगाए जा चुके हैं। जंबूरी आयोजन में खर्च, व्यवस्थाओं और चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विपक्ष सरकार से जवाब मांगेगा, वहीं स्कूलों के युक्तिकरण के फैसले को लेकर भी कई जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों में असंतोष देखने को मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि शालाओं के युक्तिकरण के तहत कई छोटे स्कूलों को बड़े स्कूलों में समाहित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार की नीतियों को छात्र हितों के खिलाफ बताते हुए सवाल उठाएगा। वहीं जंबूरी कार्यक्रम में वित्तीय अनियमितताओं और संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर भी सदन में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जाएंगे।इन सभी आरोपों का जवाब देने के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सदन में विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करेंगे। सरकार की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि युक्तिकरण का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है, जबकि जंबूरी आयोजन को लेकर भी सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी की गई हैं।

आज की कार्यवाही के दौरान सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बनने के आसार हैं, क्योंकि विपक्ष इन मुद्दों को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार अपने फैसलों का किस तरह बचाव करती है और क्या विपक्ष के सवालों का संतोषजनक जवाब दे पाती है या नहीं।