मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बोर्ड परीक्षार्थियों को दी शुभकामनाएं, कहा— ‘ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों’

त्वरित ख़बरें : ज़ाफ़रान खान रिपोर्टिंग

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। अपने आत्मीय संबोधन में उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। इस दौरान उत्साह के साथ हल्का तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन विद्यार्थियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बच्चों को पूरी तैयारी, एकाग्रता और विश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा देते हुए कहा कि उनका परिश्रम ही उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षाओं का समय आ चुका है और वे समझते हैं कि इन दिनों बच्चों के मन में उत्साह के साथ थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक रूप से रहता है। उन्होंने स्नेहपूर्वक कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्र-छात्राएं खुद को अकेला न समझें, पूरा प्रदेश और सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान घबराहट होना सामान्य बात है और यदि मन में डर है तो इसका अर्थ है कि आप अपनी पढ़ाई और भविष्य को गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और शांत मन से परीक्षा देने की प्रेरणा दी। विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि डर को कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत समझें। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष की गई मेहनत—हर अभ्यास, हर दोहराव और हर प्रयास—आपकी सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए किसी भी भय को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि छात्र नियमित अध्ययन करें, कठिन विषयों का पुनरावृत्ति करें, समय का संतुलन बनाए रखें और पर्याप्त नींद व पौष्टिक आहार लें। साथ ही, कुछ समय के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।