रायपुर @ लात-घूंसों से पिटाई के बाद कपड़े उतारे; टंडन के खिलाफ रायपुर-सक्ति में 18 लाख फ्रॉड का आरोप
रायपुर @tknews / दंतेवाड़ा पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप का आरोप लगाने वाले कारोबारी दीपक टंडन के होटल वेलकम श्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ उनकी जमकर पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। सिर्फ पिटाई ही नहीं, उनके बदन से सारे कपड़े तक उतार दिए।
मिली जानकारी के मुताबिक ये वीडियो कुछ साल पुराना है और लेन-देन के मामले से जुड़ा हुआ। बकाया रकम नहीं चुकाने को लेकर विवाद हुआ था, इसके बाद कुछ लोगों ने टंडन की पिटाई कर दी थी। टंडन की मुश्किलें भी लगातार बढ़ रही हैं।
हाल ही में कोर्ट कोरबा के एक मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी हुआ है। इसके अलावा सक्ति के एक व्यापारी ने भी 15 लाख ठगी का आरोप उन पर लगाया है। रायपुर में भी साल 2018 में उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
पीड़ितों का कहना है कि खुद को शासन-प्रशासन और बड़े नेताओं का करीबी बताकर लोगों टंडन ने उन्हें झांसे में लिया था। इसके बाद कोयला व्यवसाय, सरकारी नौकरी की परीक्षा और कोल ट्रांसपोर्ट का ठेका दिलाने के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपए की ठगी के आरोप उन पर लगाए हैं।
सक्ती के कारोबारी से 15 लाख की ठगी का आरोप
सक्ती जिले के वार्ड नंबर-6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उनका आरोप है कि मार्च 2022 में दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपए ले लिए।
गारंटी के तौर पर टंडन ने एचडीएफसी बैंक का 4 लाख का चेक (क्रमांक 009268) और एक ब्लैंक चेक (क्रमांक 000013) दिया था। बाद में बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी का खाता सालों पहले ही बंद हो चुका है।
पीड़ित ने इसे साफ तौर पर धोखाधड़ी बताते हुए BNS की धारा 318 के तहत कार्रवाई की मांग की है।
व्यापमं परीक्षा पेपर देने के नाम पर भी ठगी
दीपक टंडन पर पहले भी ठगी का मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2018 में बीरगांव निवासी जितेंद्र देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि टंडन ने व्यापमं द्वारा आयोजित राजस्व निरीक्षक (नगर निगम) परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा किया था।
प्रति अभ्यर्थी 3 लाख रुपए लेने की बात कही गई थी। पैसे और दस्तावेज लेने के बाद न तो प्रश्न पत्र मिला और न ही आरोपी तय स्थान पर पहुंचा। इस मामले में थाना सिविल लाइन रायपुर में टंडन के खिलाफ अपराध दर्ज है।
कोरबा-दीपका थाने में दर्ज है धोखाधड़ी का केस
टंडन के खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाना में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। यहां एसईसीएल दीपका की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी महेंद्र सिंह ने वर्ष 2015-16 के बीच 27 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, कोल ट्रांसपोर्ट का बड़ा काम दिलाने के नाम पर किश्तों में रकम ली गई, लेकिन न तो काम मिला और न ही पैसे लौटाए गए। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश नहीं होने पर टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया जा चुका है।
दुर्ग के कांग्रेस नेता के पुत्र से ठगी की भी चर्चा
मिली सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग जिले में एक कांग्रेस के बड़े नेता के पुत्र के साथ भी ठगी की बात सामने आ रही है। हालांकि इस मामले में अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पीड़ित पक्ष के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।