प्राइवेट अस्पतालों ने महामारी के दौरान वसूले 3 गुना ज्यादा पैसे ,कोरोना में जमकर लूट

त्वरित ख़बरें - महामारी के दौरान सिर्फ अस्पताल ही नहीं, हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों ने भी की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
बीमा कंपनियों ने एक महीने में 1287 करोड़ वसूले

परिवार के सदस्य को खोने के बाद उसकी लाश के साथ यदि आपको लाखों का बिल थमा दिया जाए तो आप कैसा महसूस करेंगे? यह सोचने भर से रूह कांप जाती है। पर क्या आप जानते हैं कि जब आप अस्पतालों में बेड ढूंढ रहे थे और ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लाइन में लगे थे, तो प्राइवेट अस्पताल और इंश्योरेंस कंपनियां कितना मुनाफा कमा रही थीं।

देश में बीमा कंपनियों को कंट्रोल करने वाली सबसे बड़ी संस्था IRDAI के मुताबिक, महामारी के दौरान अस्पतालों ने इंश्योरेंस कंपनियों से तीन गुना ज्यादा हेल्थ क्लेम का पैसा वसूला है। वहीं, इस आपदा के दौरान हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों की कमाई भी जमकर बढ़ी है। हम यहां बता रहे हैं कि प्राइवेट अस्पतालों और बीमा कंपनियों ने कोरोना के नाम पर हमें कैसे लूटा है?

प्राइवेट अस्पतालों ने महामारी के दौरान वसूले 3 गुना ज्यादा पैसे
दूसरी लहर में जब कोरोना ने हाहाकार मचाया, तो पूरे देश में सरकारी हेल्थ सिस्टम घुटनों के बल आ गया। ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए लोग प्राइवेट अस्पतालों में पहुंचे। लेकिन, वहां उन्हें अपनी जान की कीमत भारी भरकम बिल चुका कर अदा करनी पड़ी। बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि अस्पतालों ने पहले की तुलना में बीमा कंपनियों से 3 गुना ज्यादा पैसे वसूले हैं।

कोरोना काल में बीमा कंपनियों ने एक मरीज पर एवरेज एक लाख की दर से अस्पतालों को पेमेंट किया है। जबकि 2018 में इंश्योरेंस कंपनियों ने एक मरीज पर एवरेज 39 हजार रुपए की दर से अस्पतालों को पेमेंट की थी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ, दिल्ली के एसोसिएट प्रोफेसर मयूर त्रिवेदी का कहना है कि महामारी के पहले और महामारी के बाद के डेटा के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की गई है। यह डेटा कुल क्लेम की संख्या और क्लेम के कुल पैसे के अधार पर निकाला गया है।

सिर्फ अस्पताल ही नहीं, हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों ने भी की रिकॉर्ड कमाई
एक तरफ कोरोना महामारी के दौरान हेल्थ पॉलिसी लेने वालों की संख्या बढ़ रही थी। वहीं, दूसरी तरफ हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां मरीजों को क्लेम का पैसा देने में ना-नुकुर कर रही थी। अगस्त 2020 में एक इंश्योरेंस कंपनी ने मरीज को क्लेम का पैसा देने से इनकार किया, तो मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया।

इस केस में सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एसए बोबडे ने कहा, ‘महामारी के दौरान इंश्योरेंस कंपनी बीमार मरीजों को क्लेम का पैसा देने से इनकार नहीं कर सकती है।’

बता दें कि पहली लहर के बाद से ही हेल्थ पॉलिसी खरीदने वालों की संख्या बढ़ने लगी। अक्टूबर 2020 में पॉलिसी खरीदने वालों की संख्या में 40 से 70% की वृद्धि हुई। स्वास्थ बीमा कंपनियों की सलाना कमाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंपनियों ने सिर्फ एक महीने अगस्त 2020 में 6268 करोड़ रुपए प्रीमियम के पैसे से कमाए हैं। एक साल पहले अगस्त 2019 में ही इन कंपनियों ने 4,981 करोड़ रुपए प्रीमियम से कमाए हैं।

इस तरह साफ है कि कोरोना की वजह से पहले की तुलना में लोगों ने बीमा कंपनियों को सिर्फ एक महीने में 1287 करोड़ रुपए का प्रीमियम ज्यादा दिया।