विकासखंड छुरा के ग्राम पंचायत रसेला में विकासखंड स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न...

त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

कलेक्टर उइके ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित...

गरियाबंद | जनपद पंचायत छुरा के ग्राम पंचायत रसेला में आज विकासखंड स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं ग्रामीण क्षेत्रों को हरित और स्वच्छ बनाना रहा। इस अवसर पर  कलेक्टर बी एस उईके, जिला पंचायत सीईओ जी आर मरकाम सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने घर के आस-पास एवं खुले जगह में वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे एवं वृक्षों से शुद्ध हवा सहित अन्य प्रकार के उत्पाद की भी प्राप्ति होती है। जिससे आसपास का वातावरण स्वच्छ एवं स्वास्थ्य के लिए लाभदायक रहता है। उन्होंने शासन द्वारा संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए सभी को वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित किया। विकासखंड स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम में एनआरएलएम के  महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने मिलकर 300 से अधिक पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणजनों को दी गई। इस अवसर पर सभापति जिला पंचायत गरियाबंद लेखराज ध्रुवा, जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्यगण, ग्राम पंचायत रसेला की सरपंच, पंचगण, तथा संकुल संगठन कनसिंघी की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।