फुटपाथ पर टोकरी में मिली मासूम जिंदगी...... हम नहीं पाल सकते!-साथ में पड़ा था माँ-बाप का दर्दभरा खत...

त्वरित खबरें - आभा किंडो रिपोर्टिंग

पनवेल में फुटपाथ पर मिली नवजात बच्ची: टोकरी में लेटी मासूम और साथ मिला माँ-बाप का दर्दभरा खत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले 30 जून 2025,  पनवेल के तक्का गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। गांव के फुटपाथ पर एक बॉस्केट रखी हुई थी, जिसमें से मासूम की रोने की आवाजें आ रही थीं। जब लोगों ने झांक कर देखा, तो उस टोकरी में दो से तीन दिन की एक नवजात बच्ची मिली।

बॉस्केट के पास मिला था एक भावुक खत

नवजात के साथ रखे गए एक पत्र ने सभी को भावुक कर दिया। उसमें लिखा था:

"सर, हमें माफ कीजिए। हम इस बच्ची को पालने में असमर्थ हैं। हमारे पास कोई और रास्ता नहीं बचा। कृपया किसी को शामिल न करें। हम उसके आसपास ही हैं। आप उसका ध्यान रखें।"

इस पत्र से साफ झलकता है कि माता-पिता मजबूरी में यह कदम उठा रहे थे, लेकिन ममता से जुड़ा दर्द हर शब्द में झलक रहा था। लोगों की आंखें नम हो गईं और इस घटना को लेकर गांव में गुस्सा और गहरी संवेदना दोनों देखी गईं।

स्थानीय लोगों की सतर्कता, बच्ची को मिला सहारा

जैसे ही यह जानकारी फैली, ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित कब्जे में लेकर पनवेल उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है।

अब अनाथाश्रम में भेजी जाएगी मासूम, माँ-बाप की तलाश जारी

फिलहाल प्रशासन ने बच्ची को अलीबाग स्थित अनाथाश्रम भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। रायगढ़ जिला प्रशासन को मामले की पूरी जानकारी दे दी गई है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि उन परिजनों की पहचान की जा सके, जो इस बच्ची को छोड़कर चले गए।