दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में सभी प्राइवेट दफ्तर बंद करने के दिए आदेश

त्वरित ख़बरें - DDMA ने दिल्ली में सभी प्राइवेट दफ्तर बंद करने के आदेश दिए

देश की राजधानी दिल्ली समेत भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस और नये वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में सभी प्राइवेट दफ्तर बंद करने के आदेश दिए हैं। सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने का आदेश दिया है। बता दें कि उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित अन्य आला अधिकारी भी शामिल हुए थे। इसी बैठक में दिल्ली में सभी प्राइवेट दफ्तर बंद करने के आदेश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 19 हजार 166 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ अब संक्रमण दर 25 प्रतिशत पर पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच कराने वाला हर चौथा व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा है। अगर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बात की जाए तो यहां पर बीते 24 घंटे में 13 हजार 648 नये केस आए हैं और 5 लोगों की मौत हुई हैं। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,68,063 नए मामले आए हैं और 69,959 लोग ठीक हुए हैं। जबकि एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 277 लोगों की मौत हुई है।

 * कुल मामले: 3,58,75,790

 * सक्रिय मामले: 8,21,446

 * कुल रिकवरी: 3,45,70,131

 * कुल मौतें: 4,84,213

 * कुल वैक्सीनेशन: 1,52,89,70,294