अब दिल्ली नहीं, हर राज्य में मिलेगा इंसाफ!
छग , महिलाओं को अब अपनी आवाज़ उठाने राजधानी दिल्ली तक दौड़ लगाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए हर राज्य में जनसुनवाई की शुरुआत कर दी है, और इसकी एक मजबूत झलक रायपुर में देखने को मिली।
रायपुर में हुई महिला जनसुनवाई की शुरुआत
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर आज रायपुर पहुंचीं। कलेक्टर रेडक्रॉस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि महिलाओं की समस्याओं को नजदीक से समझना और उन्हें तत्काल राहत दिलाना आयोग की प्राथमिकता है।
उन्होंने साफ कहा कि पहले महिलाओं को अपनी समस्याएं लेकर दिल्ली जाना पड़ता था, जो कई के लिए संभव नहीं था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब आयोग खुद हर प्रदेश में जाकर महिलाओं की सुनवाई करेगा और मौके पर ही समाधान की कोशिश करेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समाधान की पहल
इस अवसर पर रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, एसएसपी लाल उमेद सिंह और संभाग आयुक्त महादेव कावरे भी मंच पर मौजूद रहे।
विजया रहाटकर ने बताया कि जनसुनवाई की यह मुहिम दिल्ली से शुरू हुई थी और अब देश के हर कोने में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कोशिश यही रहती है कि संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहें, ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके।