विकास खंड अंबागढ़ चौकी के चिल्हाटी कलस्टर में प्राप्त 2841 आवेदनों का समाधान होने से सार्थक साबित हुआ समाधान शिविर
मोहला 09 मई 2025। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार आम जनता के लिए सार्थक साबित हो रहा है। एक ही मंच पर हितग्राहियों की समस्याएं और मांगों की पूर्ति की जा रही है। जनता की समस्याओं का निदान होने से जीवन की कई आश पूरी हो रही है। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत आज जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत चिल्हाटी में समाधान शिविर आयोजित किया गया। यहां आयोजित समाधान शिविर में सभी पात्र 2841 आवेदकों को लाभान्वित किया गया।
समाधान शिविर में 5 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मकान पूर्ण होने पर आवास की चाबी प्रदाय किया गया। 5 हितग्राहियों के लिए पेंशन स्वीकृत किया गया है। 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 10 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड ,3 हितग्राही को सुपोषण किट वितरित किया गया। इसी प्रकार 2 बच्चों का अन्नप्राशन, दो गर्भवती माताओं का गोद भराई किया गया। 1 हितग्राही को मछली जाल वितरित किया गया। 5 हितग्राहियों को निक्षय कीट, 5 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त होने पर प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया। इसी प्रकार 137 हितग्राहियों को शौचालय स्वीकृति पत्र प्रदाय किया गया।
समाधान शिविर में पूर्व संसदीय सचिव संजीव शाह ने ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व में आम जनता की समस्याओं का निदान करने और विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी अनेक समस्याओं और मांगों को सुनने के साथ ही निराकरण करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजनों की समस्याओं को सुने और समय पर निराकरण करें। शासन द्वारा संचालित योजनाओं को जनता के द्वार पहुंचाएं। विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से ग्रामीणजनों को लाभान्वित करें। उन्होंने आगे कहा कि आवेदन प्राप्त होने के तत्काल बाद त्वरित गति से निराकरण करने की दिशा में कार्यवाही किया जा रहा है।