राजनांदगाँव/मोहला/ ११७रू समर्थन मूल्य वृद्धि का लाभ देते हुए ३२१७रू के दर से धान का एक मुश्त भुगतान, राजीव गांधी न्याय योजना की बकाया चौथी किश्त का भुगतान एवं धान खरीदी व्यवस्था में सुधार करते हुए पूरे तीन महिने खरीदी की मांग को लेकर आज शुक्रवार को मिनी स्टेडियम मोहला में क्षेत्रीय किसान पंचायत के आयोजन में आज ७ जिलों के किसान प्रतिनिधि गरजेंगे ।उल्लेखनीय है प्रदेश किसान संघ लगातार तीन सूत्रीय मांगो को लेकर संघर्षरत् है । मुख्यमंत्री ध्यानाकर्षण यात्रा, विधानसभा सत्र के दौरान राजधानी में प्रदर्शन सहित विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे है पर सरकार कोई प्रतिक्रिया नही दे रही ऐसे में आंदोलन तेज करने की रणनीति के तहत जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जा रहा है । साथ ही गांव-गांव में समर्थन में फोटोग्राफी भी की जा रही है एवं प्रदेशव्यापी किसान समर्थन यात्रा की तैयारी भी की जा रही है ।
आंदोलन को विफल करने मानपुर पुलिस फैला रही भय
एक ओर जहां प्रदेश किसान संघ आंदोलन को सफल बनाने प्रचार-प्रसार बैठक, पर्ची वितरण एवं जनसम्पर्क लगातार किया जा रहा है, वही मानपुर पुलिस लोगों में भय फैला रही है । इसी क्रम में ०१-०२ जनवरी की दरम्यानी रात साढ़े तीन बजे कारेकट्टा निवासी किसान संघ के कार्यकर्ता बाल सिंग आचला के घर चार थानों की हजारों पुलिस जवान डग्गा, पीकअप बाईक एवं पैदल आ धमके एवं बलात घर में घुसकर तलाशी एवं डांट-डपट की गई । इस वक्त बालसिंग घर पर नही थे । उनकी पत्नि कुंती आचला ने जब बिना वारंट के घर की तलाशी का विरोध किया तो उन्हें भी धमकाया गया पूरा परिवार और गाँव भयग्रस्त है ।उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय किसान पंचायत के आयोजन को सफल बनाने बालसिंग आचला जोर-शोर से काम कर रहे है । घटना के एक दिन पहले ही प्रदेश किसान संंघ के संयोजक सुदेश टीकम के साथ कांकेर जिले से प्रचार कर लौटे थे एवं मानपुर ब्लॉक में भी जोरदार तैयारी में उनकी अहम भूमिका है ।आई.जी.से शिकायत- प्रदेश किसान संघ के संयोजक सुदेश टीकम के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने राजनांदगाँव रेंज आई.जी. दीपक झा से उनके कार्यालय में भेंटकर मानपुर पुलिस की शिकायत की है । शिकायत पत्र में कहा गया है कि बालसिंग आचला और क्षेत्र के किसानों में दहशत फैलाकर आयोजन में भागीदारी करने से रोकने मानपुर पुलिस द्वारा ऐसी कार्यवाही की जा रही है। ऐसे कृत्य से न सिर्फ लोकतंत्र आहत होता है वरन सरकार के प्रति अक्रोश भी पनपता है । इस तरह की कार्यवाही रोकते हुए दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही का आग्रह भी किया गया है । प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व में आयोजित मुख्यमंत्री ध्यानाकर्षण यात्रा में भी मानपुर से आने वाली गाडिय़ों की पुलिस द्वारा गैर कानूनी ढंग से रोकने की बात बताई एवं आगाह किया कि मानपुर पुलिस यदि अपना रवैया नही सुधारती है तो लोकतंत्र बहाल करने हजारों किसान मानपुर ब्लॉक से गृहमंत्री के निवास कवर्धा तक पैदल मार्च करेंगे । पुलिस हमें सरकार के खिलाफ उकसाने का काम बंद करें अन्यथा किसानहित के साथ ही लोकतंत्र बचाने भी लड़ाई छेड़ी जावेंगी । आदिवासी अंचल में लोगों को कैदकर नही रखा जा सकता है । हर आदिवासी को नक्सली समझने की मानसिकता से पुलिस को बाहर आना होगा । आई.जी. झा ने लोकतंत्र के दायरे में सभी को रहने की जरूरत बताई एवं कहा यदि बालसिंग आचला मामले में ऐसा हुआ है तो गलत हुआ है, जांच कर कार्यवाही का आवश्वासन उन्होनें दिया है । रामाकांत बंजारे, महेश साहू, मंगल देवांगन, रूपसिंग वर्मा, प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे ।