कोरबा में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. कटघोरा वन मंडल के बंजारी गांव में बीती रात एक दंतैल हाथी घुस गया और एक मकान पर कब्जा कर लिया. हाथी को देखकर पूरा परिवार घर से भाग गया और ईश्वर से जान बचाने की मन्नत करने लगा. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल के भीतर खदेड़ा.कोरबा में हाथी के आतंक का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है. एक विशालकाय दतैल हाथी ने गांव में घुसकर एक मकान पर कब्जा कर लिया. घबराए घर के लोग बाहर खड़े होकर भगवान से मन्नत करने लगें. घबराये लोग ‘हे गजानंद गणेश देवता, जहां से आए हो, चले जाओ’ कहकर मन्नत करते नजर आए. बावजूद इसके हाथी काफी समय तक घर पर ही कब्जा जमाए रहा. आसपास की बाड़ी को रौंदते हुए घर के चारों ओर घूम रहा था. इस घटना के बाद इलाके में हडकंप मच गया और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का रेस्क्यू शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद हाथी को किसी तरह जंगल की ओर खदेड़ा गया. इसके बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.ये पूरा मामला कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के ऐतमानगर रेंज के बंजारी गांव का है. हालांकि हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है. बताया जा रहा है कि गांव के पास जंगल में 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. आसपास के ग्रामीणों को सावधान रहने को कहा गया है. साथ ही जंगल की ओर जाने से मना किया जा रहा है.