7 मई की रात में मतदान दल को वापस लेकर आ रही बस में आग लगने से वोटिंग सामग्री जलने के कारण पुनर्मतदान हो रहा है. मतदान को लेकर निर्वाचन में पूरी व्यवस्थाएं बनाई गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
मध्य प्रदेश के बैतूल में लोकसभा चुनाव को लेकर 4 केंद्रों पर शुक्रवार को दोबारा मतदान हुआ है. 7 मई की रात में मतदान दल को वापस लेकर आ रही बस में आग लगने से वोटिंग सामग्री जलने के कारण पुनर्मतदान हो रहा है. मतदान को लेकर निर्वाचन में पूरी व्यवस्थाएं बनाई गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजामात किए गए है
बैतूल के मुलताई विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रही है जिसमें मतदान केंद्र क्रमांक 275-राजापुर, मतदान केंद्र क्रमांक 276 डूडर रैयत, मतदान केंद्र क्रमांक 279-कुंदा रैयत और मतदान केंद्र क्रमांक 280-चिखलीमाल शामिल है. बस में आग लगने के कारण इन मतदान केंद्रों की अलग अलग मतदान सामग्री जल गई थी. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है.
डूडर रैयत मतदान केंद्र में 603 मतदाता हैं- पुरुष 310, महिला 293,
कुन्दा रैयत मतदान केंद्र में 727 मतदाता हैं- पुरुष 364, महिला 363,
चिखली माल मतदान केंद्र में 668 मतदाता हैं- पुरुष 347, महिला 321
रजापुर मतदान केंद्र में 1039 मतदाता हैं- पुरुष 528, महिला 511 हैं .
इन मतदान केंद्रों पर 7 मई जो मतदान हुआ था, उसके अनुसार
राजापुर मतदान केंद्र पर 78.06 प्रतिशत,
डूडर रैयत मतदान केंद्र में 77.94 प्रतिशत,
कुन्दा रैयत मतदान केंद्र पर 77.72 प्रतिशत,
चिखली माल मतदान केंद्र पर 74.85 प्रतिशत वोट डाले गए थे.
गर्मी के मौसम और दोबारा मतदान के बाबजूद मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. निर्वाचन ने भी मतदाताओं की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए हैं. धूप से बचाव के लिए पंडाल लगाया गया. ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है और अधिकारी सतत निगरानी कर रहे हैं.
मास्टर ट्रेनर जितेंद्र प्रसाद खन्ना का कहना है कि चार मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान हो रहा है. 7 मई को मतदान पार्टी चुनाव करा कर वापस लौट रही थी, उस बस में आग लग गई थी. 6 दल सवार थे, जिसमें दो दल की सामग्री सुरक्षित बची थी. चार दल की मतदान सामग्री को नुकसान पहुंचा था. बैतूल जिले के इतिहास में पहली बार 72 साल बाद मतदाता के बाएं हाथ की तर्जनी और मध्यम उंगली में स्याही का निशान लगा है. गजब का उत्साह है. मतदाता दिनेश कुमार आज़ाद का कहना है कि दोबारा चुनाव को लेकर काफी उत्साह है. मेरे जीवन में पहली बार ऐसा मौका आया है. दो उंगली में निशान लगे हैं.
महिला वोटर सुनीता बेले सुनीता का कहना है कि पहली बार एक चुनाव में दो बार वोट डालने का मौका मिला है और तो उंगलियों पर स्याही का निशान लगा है. थोड़ा अजीब भी लग रहा है. देश की तरक्की के लिए मतदान कर रहे हैं.