लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक सुरेश राजे का अनोखा अंदाज देखने को मिला है। अपनी विधानसभा डबरा अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में विधायक कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी प्रवीण पाठक के लिए झोली फैलाकर वोट मांगते नजर आ रहे हैं। विधायक सुरेश राजे का इस अंदाज में वोट मांगने का वीडियो भी सोशल मिडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ग्वालियर लोकसभा में भाजपा से भारत सिंह कुशवाह तो कांग्रेस से प्रवीण पाठक की जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। इसी बीच कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी प्रवीण पाठक के समर्थन में उतरे कांग्रेस विधायक वोटरों से झोली फैलाकर वोट मंगाते हुए नजर आ रहे हैं। जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। विधायक सुरेश राजे झोली फैलाकर ग्रामीण वोटर्स से कह रहे है कि जिस तरह से आपने मुझे जिताया उसी तरह से प्रवीण पाठक को भी जिताए। झोली फैलाकर आपसे वोट मांगता हूं। आपने मेरी झोली मत के दान से भरी थी एक बार फिर सहयोग करिए। इस दौरान उन्होंने अधिक संख्या में मतदान करने की अपील भी ग्रामीणों से की।
डबरा विधानसभा हमेशा कांग्रेस के कब्जे में रही है। यहां से ज्यादातर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत का परिचम फहराया है। सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी भी जब तक कांग्रेस में रही चुनाव जीती और भाजपा में आते ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में डबरा विधानसभा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। तो वहीं भाजपा इस बार यहां से बढ़त बनाने के पूरे प्रयास में जुटी है।