15 साल तक सत्ता से बाहर रही कांग्रेस अगले चुनाव में प्रबंधन के स्तर पर कोई ढिलाई नहीं रखना चाहती। पार्टी ने 2023 में संभावित विधानसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए संभागीय बूथ स्तरीय प्रबंधन समितियां बना दी गई हैं। इनके नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बूथ कमेटियों को पुनर्गठन का जिम्मा मिला है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के संभागीय बूथ स्तरीय प्रबंधन समिति का गठन कर दिया। सभी संभागों के लिए बनी इस समिति में 40 नेताओं का नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने इन नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार सौंपा है। ये नेता वहां ब्लॉक और जिला कांग्रेस अध्यक्षों और स्थानीय नेताओं से समन्वय कर बूथ स्तरीय कमेटियों का पुनर्गठन करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने यह काम अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि सभी समितियों के पुनर्गठन के बाद कांग्रेस उनका प्रशिक्षण शुरू करेगी। बूथ स्तरीय समितियों के गठन और प्रशिक्षण का प्रयोग 2018 के विधानसभा चुनाव में हुआ था। उसकी सफलता के बाद कांग्रेस इस प्रयोग को जारी रखने पर जोर दे रही है।
रायपुर संभाग में इन नेताओं को मिला जिम्मा
रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे को कसडोल, बलौदा बाजार, बिलाईगढ़, भाटापारा सीटों पर बूथ समितियां बनानी हैं। पीयुष कोसरे को खल्लारी, महासमुंद, बसना, सराईपाली में ऐसा करना है। आलोक चंद्राकर को रायपुर की उत्तर-पश्चिम-दक्षिण और अभनपुर सीट का जिम्मा मिला है। रतिराम साहू को बिन्द्रानवागढ़, रायपुर ग्रामीण, आरंग, धरसींवा और मोहित ध्रुव को सिहावा, कुरूद, धमतरी, राजिम का प्रभार मिला है।
दुर्ग संभाग में ये नेता बनाएंगे समितियां
भोलाराम साहू को संजारी बालोद, डौण्डीलोहारा, गुण्डरदेही और डॉ. थानेश्वर पाटिला को पंडरिया, कवर्धा मिला है। राजेन्द्र साहू को साजा, बेमेतरा, नवागढ़ और क्रांति बंजारे को डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव का प्रभार है। नवाज खान के जिम्मे पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर का जिम्मा है। वहीं कृष्णा दुबे को खुज्जी, मोहला मानपुर, खैरागढ़ में समितियां बनानी हैं। अवनीश राघव भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा को यह काम करना है।
बिलासपुर संभाग में इनके कंधों पर जिम्मेदारी
आत्मा सिंह क्षत्रिय को मरवाही, लोरमी, मुंगेली का जिम्मा मिला है। रामपुर, कोरबा, कटघोरा का जिम्मा अर्जुन तिवारी को संभालना है। प्रमोद परस्ते को कोटा, पाली तानाखार और चुन्नीलाल साहू को बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा में बूथ समितियां बनानी हैं। वहीं जेठूराम मनहर को अकलतरा जांजगीर-चांपा, चंद्रपुर, शिवबालक कौशिक को सक्ती, जैजेपुर, पामगढ़ और लोकराम साहू को तखतपुर और मस्तुरी विधानसभा क्षेत्रों में काम करना है। विवेक बाजपेयी के पास खरसिया, धरमजयगढ़ का प्रभार सौंपा गया है।
बस्तर में ऐसे बंटा है समितियों का प्रभार
बीरेश ठाकुर को केशकाल, करण सिंह देव को दंतेवाड़ा, कैलाश पोयम को जगदलपुर और रजनू नेताम को कांकेर का प्रभार मिला है। यशवर्धन राव को कोण्डागांव, रूखमणी कर्मा को नारायणपुर, हेमंत ध्रुव को चित्रकोट और बस्तर का जिम्मा मिला है। अंतागढ़ का जिम्मा विजय ठाकुर और भानुप्रतापपुर विधानसभा का प्रभार मलकीत सिंह गैंदु के पास होगा। सत्तार अली को बीजापुर और विमल सुराना को कोन्टा का प्रभार दिया गया है।
सरगुजा संभालने के लिए इनकी तैनाती
जेपी श्रीवास्तव को प्रेमनगर, प्रतापपुर और अजय अग्रवाल को बैकुंठपुर, भटगांव विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ईस्माईल खान को जशपुर, विमलेश तिवारी को कुनकुरी, शशीकांत श्रीवास्तव को पत्थलगांव का जिम्मा मिला है। लुण्ड्रा, अंबिकापुर, और सीतापुर का जिम्मा वेदान्ती तिवारी को मिला है। वहीं नीति सिंह को रामानुजगंज और सामरी, सूरज तिवारी को लैलुंगा, रायगढ़, सारंगढ़, का जिम्मा मिला है। नरेश राजवाडे को भरतपुर सोनहत और मनेंद्रगढ़ का जिम्मा है।