राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता की शुरुआत शनिवार को अग्रसेन भवन, सेक्टर-6 में हुई। इसमें बालोद, बेमेतरा, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर सहित 12 जिलों के 250 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन रिदमिक और आर्टिस्टिक इवेंट में सब जूनियर, जूनियर व सीनियर, बालक और बालिका वर्ग में प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया।
यह आयोजन छग राज्य एमेच्योर योग संघ द्वारा आचार्य पं. प्रेम नारायण शर्मा की स्मृति में कराया जा रहा। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि इससे भिलाई के लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने योग के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बंशी अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, बृजमोहन उपाध्याय ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। आचार्य शशि भूषण मोहंती ने योग के इतिहास और दैनिक व आध्यात्मिक जीवन में योग के महत्व को बताया। साथ ही योग को अपनाने की अपील भी की।
विजयी प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे प्रदर्शन: छत्तीसगढ़ राज्य एमेच्योर संघ के प्रदेश सचिव अजीत पंडा व वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण पंडा ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 31 अक्टूबर को होगा। इसमें विजयी प्रतिभगी 15 से 18 दिसंबर तक दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उद्घाटन समारोह में विष्णु दत्त सिंघल, मंजू सिंघल, रितु रेखी, प्रीति समदार, मनोरमा पांडेय, नीरा सिंह, लक्ष्मी साहू, एस.बीजू, अनिल प्रजापति, पी. रमेश, ओम प्रकाश पांडेय आदि उपस्थित थे।