दुर्ग-भिलाई समेत रायपुर के लोगों को आज से बड़ी राहत मिलेगी। कुम्हारी फ्लाई ओवर के एक हिस्से को रविवार शाम 4 बजे से टू और फोर व्हीलर के लिए खोला जाएगा। इस वन वे रोड पर रायपुर से दुर्ग की ओर ही लोग आ पाएंगे। वहीं दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले लोग सर्विस रोड पर चलेंगे।
यदि वहां किसी तरह का जाम या दिक्कत होती है तो फिर वाहन चालकों को ब्रिज से जाने की अनुमति दी जाएगी। इससे रोजाना रायपुर से दुर्ग और दुर्ग से रायपुर के बीच आवाजाही करने वाले 25 हजार वाहन चालकों को सुविधा होगी। फिलहाल निर्माण पूरा होने तक बड़े वाहन सर्विस रोड से ही आवाजाही करेंगे। शनिवार को निरीक्षण के बाद कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने हल्के वाहनों को लिए ब्रिज खोलने का आदेश दिया है। इससे शाम के तीन घंटे के पीक आवर में कुम्हारी इलाके में जाम लगना बंद हो जाएगा। इधर एनएच 53 पर कुम्हारी से सुपेला के बीच बन रहे बाकी तीन ब्रिज को शुरू होने काफी ज्यादा का वक्त लगेगा। केवल कुम्हारी ब्रिज का निर्माण अभी सिर्फ 90% पूरा हो पाया है। बाकी ब्रिज पर बमुश्किल आधा या उससे कम काम हुआ है। दैनिक भास्कर ने बाकी तीन ओवर ब्रिज की पड़ताल की तो पता चला कि सुपेला फ्लाई ओवर का काम 70%, डबरा पारा ओवर ब्रिज पर सिर्फ 20% और पावर हाउस के फ्लाई ओवर काम अभी सिर्फ 50% ही पूरा हो पाया है। समय लगेगा।
सुपेला फ्लाई ओवर:- सबसे लंबा 1569 मीटर का ब्रिज, अगले साल अप्रैल तक होगा काम पूरा
सुपेला फ्लाई ओवर का काम अप्रैल 2022 तक पूरा करने का दावा किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक चारों ब्रिज की तुलना में सुपेला फ्लाई ओवर की लंबाई सबसे ज्यादा 1569 मीटर है। ब्रिज चंद्रा-मौर्या टॉकीज चौक से शुरू होगी और सुपेला चौक के आगे इसका दूसरा छोर समाप्त होगा। लंबाई ज्यादा होने के कारण निर्माण कार्य में 90.20 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसमें दोनों तरफ गर्डर लांचिंग और पिल्लर निर्माण का काम चल रहा है। ब्रिज की दोनों ओर सर्विस रोड होने के कारण इस ब्रिज के निर्माण कार्य में बाधा नहीं हो रही है।
पावर हाउस ब्रिज:- सर्विस रोड में ट्रैफिक ज्यादा इसलिए निर्माण पर असर, अभी उसे सुधार रहे
पावर हाउस चौक पर बनाए जा रहे ओवर ब्रिज का काम अभी सिर्फ 50% ही पूरा हो पाया है। इसे जनवरी 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नया ओवर ब्रिज पुराने पावर हाउस पुल को क्राॅस करेगा। पुराने ब्रिज से 6.5 मीटर ऊंचा होगा। इसके निर्माण में 85.35 करोड़ रुपए खर्च आने का अनुमान है। पावर हाउस के दोनों ओर सर्विस रोड है। दुर्ग से रायपुर की तरफ रोड की चौड़ाई ज्यादा है। जबकि रायपुर से दुर्ग की तरफ के रास्ते में कम है। इस वजह से दूसरी तरफ सर्विस रोड का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। क्योंकि यहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा है।
डबरापारा ब्रिज :- पहले दोनों तरफ सर्विस लेन बनेगा, उसके बाद ब्रिज बनना शुरू होगा
डबरापारा फ्लाई ओवर के दोनों तरफ सर्विस रोड नहीं है। इसे बनाने रेलवे लाइन के ऊपर ब्रिज निर्माण का काम शुरू हो गया है। सर्विस रोड बनने के बाद डबरापारा ओवर ब्रिज निर्माण में तेजी आएगी। इसे 55.19 करोड़ रुपए खर्च करके तैयार किया जाएगा। सर्विस लेन बनने से दुर्ग और रायपुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर की डायवर्ट किया जाएगा। जिससे निर्माण के दौरान बाधा उत्पन्न न हो। इस ब्रिज की लंबाई 580 मीटर और चौड़ाई 18.50 मीटर है। डबरा पारा ब्रिज की लंबाई बाकी की तुलना में सबसे कम है। दिसंबर 2022 तक पूरा होने का दावा है।
ठेका कंपनी से करार के कारण काम पूरा होने का समय भी अलग-अलग
कुम्हारी के अलावा बाकी तीन फ्लाई ओवर के निर्माण कार्य पूरा होने की तारीख भी अलग-अलग तय की गई है। वहीं ठेका कंपनी से करार के मुताबिक चारों ब्रिज का निर्माण कार्य जनवरी 2023 में पूरा करना तय है। अधिकारी सुपेला फ्लाई ओवर को अप्रैल 2022, डबरापारा और पावर हाउस के फ्लाई ओवर को दिसंबर 2022 तक तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लॉकडाउन के कारण भी चारों ब्रिज के निर्माण में देरी हुई है।
रात में तीन-तीन घंटे तक ट्रैफिक को ब्लॉक करके हो रहा निर्माण
यातायात के अफसरों के मुताबिक ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को समयावधि में पूरा करने के रात में तीन-तीन घंटे ट्रैफिक को ब्लॉक किया जा रहा है। जिससे निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। कुम्हारी और डबरा पारा फ्लाई ओवर के बनने के बाद सड़क दुर्घटना में भी कमी आएगी। दोनों की ओवर ब्रिज अभी ब्लैक स्पॉट की कैटेगरी में है। यहां कई सड़क हादसे में लोगों की जान चली गई है।
ठेका कंपनी को तय समय पर करना है काम
कुम्हारी ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। हल्के वाहनों के लिए रविवार से इसे शुरू कर दिया जाएगा। दिसंबर तक निर्माण पूरा होने की संभावना है। बाकी तीनों ओवर ब्रिज का भी निर्माण कार्य चल रहा है। ठेका कंपनी को समय दिया गया है।
-गुरजीत सिंह, डीएसपी ट्रैफिक
तीनों ब्रिज के लिए जुलाई तक का टार्गेट
कुम्हारी फ्लाई ओवर को रविवार शाम से चालू कर दिया जाएगा। बाकी तीन ब्रिज के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जुलाई 2022 तक का लक्ष्य रखा गया है। पूरी कोशिश रहेगी कि निर्धारित समय पर बाकी ब्रिज का निर्माण पूरा हो जाए।
-गोविंद अहिरवार, ओएसडी एनएचएआई