जिले के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने को वनांचलों में शिविर -सीएमएचओ के दिशा-निर्देश पर गांव-गांव में लगाए जा रहे हैं स्वास्थ्य शिविर

त्वरित ख़बरें - इस संबंध में कबीरधाम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शैलेन्द्र कुमार मण्डल ने बताया, “जिले के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिकता में रखा गया है।

कबीरधाम, 28 अक्टूबर 2021.

जिले के सुदूर वनांचल वासियों को सम्पूर्ण स्वास्थ्य लाभ देने व मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्यों को प्राप्त करने को आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उप स्वास्थ्य केंद्र बोक्करखार से किया गया है। शिविर में स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श व निशुल्क दवाइयां वितरण के साथ कोरोना से बचाव हेतु टीकाकरण भी किया जा रहा है। 

विशेष स्वास्थ्य परीक्षण की शुरुआत जिले के बोड़ला विकासखण्ड से की गई है और इसी क्रम में वनांचल ग्राम अमापानी, बहना खोदरा, धवईपानी व तुरैयाबहरा में भी शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बैगा स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत बोड़ला विकासखंड के बहनाखोदरा में आयोजित किए गए शिविर में 156 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयों एवं अनुपूरक दवाओं जैसे प्रोटीन पाउडर , आयरन फॉलिक कैल्शियम एवं विटामिन का वितरण किया गया। साथ ही मरीजों की मलेरिया, हीमोग्लोबिन, सिकलिन, शुगर व रक्तचाप की जांच की गई। इस शिविर में शिविर में सामान्य बीमारी सर्दी, खांसी व बुखार का भी उपचार किया गया और 26 लोगों को कोविड-19 के टीके लगाए गए।  

इस संबंध में कबीरधाम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शैलेन्द्र कुमार मण्डल ने बताया, “जिले के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिकता में रखा गया है। कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश पर यह विशेष शिविर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में लगाया जा रहा है, जिससे इन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी व सभी ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं सरलता से पहुंचाई जा सके। स्वास्थ्य शिविरों में अब तक सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई है”। उन्होंने बताया, “कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण तथा इससे बचाव के लिए देश में 100 करोड़ से अधिक कोरोना टीके लगाने का आंकड़ा पार हो गया है। गौरव के इस क्षण को यादगार बनाने के प्रति उत्साहित स्वास्थ विभाग ने एक नया संकल्प लिया है। इस संकल्प की सफलता के लिए जिले में शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य लेकर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के गांव-गांव में घर-घर जाकर लोगों को कोरोना टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है”।

वनांचल में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य विभाग टीम के डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत, डॉ. सुरेंद्र चंद्रवंशी, डॉ. राकेश राठौर, डॉ. नीतू सोनी, डॉ अनामिका पटेल, माणिक चंद्रवंशी, नेहा पाठक, प्रकाश गुप्ता, राधेश्याम टेकाम, भूपेंद्र भास्कर, अनामिका मधरिया, राकेश कवर, दुर्गेश साहू व शिविर प्रभारी प्रदीप सिंह ठाकुर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।