भिलाई में हिताची कंपनी के दो एटीएम बूथ में घुसकर चोरों ने मशीन को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। एक बूथ में चोरी करने के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, तो वहीं दूसरे के आरोपी फरार हैं। कुम्हारी पुलिस ने जब बैंक प्रबंधन से शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा तो उन्होंने अपना पल्ला झाड़ लिया। वहीं खुर्सीपार पुलिस ने हिताची बैंक प्रबंधन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने शनिवार रात खुर्सीपार और कुम्हारी क्षेत्र में दो एटीएम को अपना निशाना बनाया। खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे के करीब हिताची बैंक के मैनेजर विजेन्द्र साहू ने फोनकर जानकारी दी कि न्यू खुर्सीपार अग्रसेन चौक के पास स्थित उनके एटीएम में रात के समय अज्ञात युवकों ने घुसकर चोरी करने का प्रयास किया है। उन्होंने ईंट व पत्थर से एटीएम मशीन को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें जब सफलता नहीं मिली तो जाते-जाते गुस्से में वह एटीएम बूथ की फाल सीलिंग को ही तोड़कर चले गए। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बाजार चौक ATM में तोडफ़ोड़, आरोपी गिरफ्तार
कुम्हारी थाना पुलिस ने बताया कि कुम्हारी बाजार चौक रोड स्थित हिताची बैंक के एटीएम बूथ में शुक्रवार देर रात को एक बदमाश घुसा था। उसने मशीन को तोड कर चोरी करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। उसने मशीन को पत्थर मारकर काफी तोड़ने का प्रयास किया। शिकायत के बाद कुम्हारी पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी कैमरे की मदद से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जब पुलिस ने बैंक प्रबंधन को शिकायत के लिए कहा तो वह कोई भी लिखित शिकायत या कार्रवाई से पीछे हट गया। बाद में पुलिस ने खुद से मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।