जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय से लूटपाट करने वाले बदमाश गिरफ्तार

त्त्वरित खबरे

काम से घर लौटते समय जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने घटना के महीने भर बाद गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से लूट का मोबाइल, नकदी और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।

भिलाई -: काम से घर लौटते समय जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने घटना के महीने भर बाद गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से लूट का मोबाइल, नकदी और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ लूट की धारा के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम कोटनी निवासी शिकायतकर्ता दीपक कुमार साहू जोमैटो कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता है। बीते 27 सितंबर की रात को वो अपने घर वापस लौट रहा था। रास्ते में ग्राम कोटनी के हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर उसका मोबाइल और दो हजार रुपये नकद लूट लिए थे। पीड़ित ने पुलगांव थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस, आरोपितों की तलाश कर ही रही थी कि मुखबिर से जानकारी मिली कि सिकोलाभाठा दुर्ग में तीन लड़के एक मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गंज मंडी के पास निवासी प्रद्युम्न वर्मा (19), न्यू शांति नगर निवासी गगन साहू उर्फ गोपी (19) और अंबी सदन मोहन नगर निवासी पीयूष ठाकुर उर्फ भांचा (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने महीने भर पहले कोटनी के हनुमान मंदिर के पास जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय से लूटपाट करने की बात स्वीकार की। आरोपितों के पास से लूट का मोबाइल, 700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया गया है।