भिलाई -: निगम आयुक्त शुक्रवार को अचानक कैंप-1 के प्रगति नगर आंगनबाड़ी पहुंचे। उन्होंने आंगनबाड़ी का सम्पूर्ण निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय एक गर्भवती माता अपने दो बच्चों के साथ भोजन के लिए प्रगति नगर आंगनबाड़ी पहुंची। आयुक्त ने महिला से चर्चा उपरांत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से पूछा कि आज भोजन में क्या बनाया है, उत्तर आया कि भोजन तैयार हो गया है जब भोजन की तैयारी देखी गई तो भोजन बनाने की प्रक्रिया ही प्रारंभ नहीं हुई थी, आयुक्त ने इस पर नाराजगी जताई उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी एवं सहायिका राज कौर को नोटिस थमा दिया।
आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को जिस उद्देश्य के लिए संचालित किया जा रहा है, उस उद्देश्य का पालन केंद्र में नहीं हो रहा है। केंद्र की व्यवस्था सुधारने आयुक्त ने कार्यकर्ता एवं सहायिका को निर्देश दिए। भोजन के गुणवत्ता पर उन्होंने विशेष ध्यान देने को कहा। वही संस्कार अभियान के क्रियान्वयन की जानकारी उन्होंने ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के एवं गर्भवती माताओ के आने की संख्यात्मक जानकारी ली, बच्चों के खिलौने देखे, भोजन बनाने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का अवलोकन किया।
उपस्थिति पंजी भी देखा। दर्ज बच्चों की संख्या की पंजी के माध्यम से जानकारी ली। उन्होंने वजन त्यौहार के दौरान सम्मिलित हुए बच्चों के सेहत की जानकारी ली। कितने बच्चे पोषण आहार के लिए नियमित रूप से आ रहे है, इसकी समीक्षा की। भोजन के प्रतिदिन की मेन्यु एवं डाइट की जानकारी ली। रेडी टू इट फूड पैकेट की उपलब्धता के बारे में पूछा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि रेडी टू इट फूड समाप्त हो चुका है। आयुक्त ने कहा कि शेड्यूल के मुताबिक इसकी व्यवस्था पूर्व से करें। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, सहायक अभियंता राजकुमार साहू, उप अभियंता श्वेता वर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी आरपी तिवारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।