कलेक्टर ने रीपा, धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स एवं पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा की :

त्वरित खबरे :

26 मई 2023

राजनांदगांव । कलेक्टर  डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट में रीपा, धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स एवं पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना अंतर्गत स्वीकृत सभी गतिविधियों को फोकस करते हुए योजना का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से हो और आजीविका मूलक गतिविधियों का संचालन नियमित रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत बढ़ई, लोहार को शामिल करते हुए कार्य दिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि बिहान समूह की महिलाओं को भी गौठान से जोड़कर अन्य गतिविधियों का संचालन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि इसके अंतर्गत जो भी उत्पाद बनाया जाए वह पूर्ण गुणवत्ता के साथ हो और लोगों के भरोसे में खरा उतरे, इस पर विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  अमित कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स संचालन की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर  सिंह ने धनवंतरी मेडिकल स्टोर संचालन की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि इसके माध्यम से विक्रय किये जाने वाली दवाई सस्ती और सहज उपलब्ध है। बैठक में कलेक्टर ने सभी नर्सिंग होम संचालक, क्लीनिक संचालक, सभी शासकीय व निजी चिकित्सकों को भी जेनेरिक दवाइयां लिखने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि धनवंतरी मेडिकल स्टोर अधिक से अधिक दवाई का विक्रय हो, इसके लिए कार्य योजना बनाएं। आंगनबाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों सभी कार्यालयों में धनवंतरी मेडिकल स्टोर से दवाई क्रय करने के लिए कहा। उन्होंने इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा

- शत-प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण करने के निर्देश

कलेक्टर  डोमन सिंह ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पशुपालन विभाग के योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ ही फील्ड टीम से कहा कि पशुपालन विभाग का परफॉर्मेंस सुधारने की जरूरत है। बेहतर कार्य करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि शत-प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण हो और किसी भी पशु की बीमारी से नुकसान ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 10 दिन का विशेष शिविर लगाकर सभी पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि जिले के सभी गौठानों में शिविर लगाकर पशुओं का टीकाकरण किया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य की जांच हो और सही उपचार हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं।