रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोगों को सस्ती दरों पर दवाईयां उपलब्ध कराने शुरू की गई. श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना को पहले ही दिन विभिन्न नगरीय निकायों में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विगत 20 अक्टूबर को प्रदेश भर में 94 मेडिकल स्टोर्स का वर्चुअल शुभारंभ किया. जिससे भिलाई नगर निगम क्षेत्र में तीन, दुर्ग, भिलाई-चरोदा, राजनांदगांव, जगदलपुर, रायगढ़ और कोरबा नगर निगम में दो-दो स्टोर्स के साथ ही कोण्डागांव, केशकाल, फरसगांव, नारायणपुर, कांकेर, कोंटा, भैरमगढ़, भोपालपट्नम, सुकमा, दोरनापाल, बीजापुर, रामानुजगंज, बगीचा, प्रतापपुर, जशपुर नगर तथा बलरामपुर जैसे कस्बाई क्षेत्रों में संचालित इन दवा दुकानों से लोगों को बहुत कम कीमत पर दवाईयां मिल रही हैं.
दुर्ग में जेनेरिक दवाईयों का अनूठा सेट तैयार किया गया है. वहां के श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर में 311 रुपये का ट्रैवल-किट सेट 130 रुपये में और 691 रुपये का होम-किट सेट 290 रुपये में उपलब्ध है. पहले ही दिन वहां 27 ट्रैवल-किट सेट एवं 22 होम-किट सेट की बिक्री हुई है.