भिलाई में सूने मकाने के अंदर चोरी करने घुसे दो आरोपी चाकू और लोहे के राड के साथ गिरफ्तार हुए हैं। जिस सूने मकान में चोरी करने चोर घुसे थे, उन्हें देर रात आता देख पड़ोसी सतर्क हो गए। उन्होंने पहले तो छिपकर उनकी पूरी करतूत को देखा। जब चोर इतमिनान से घर के अंदर चोरी करने में मशगूल हो गए तो पड़ोसी भूपेंद्र कुमार साहू ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस को देख चोर चाकू लहराते हुए घर से बाहर निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
स्मृति नगर चौकी अंतर्गत बजरंग पारा कोहका निवासी भूपेंद्र साहू की पत्नी ने बताया कि गुरुवार रात को उन्होंने अपने परिवार के साथ थोड़ी देर से खाना खाया। इसके बाद रात 12 बजे के करीब सभी ने छत पर टहलने का प्लान बनाया। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक लड़का उनके पड़ोस के मकान के पास आया और दीवार से अंदर देखकर अपने दोस्तों को इशारा किया। इसके बाद दो और लड़के बाइक से आए। उसमें से एक लड़का उतर गया।
भूपेंद्र साहू और उनके परिवार ने छिपकर चोरों पर नजर बनाए रखा। उन्होंने देखा कि दो लड़के सूने मकान की बाउंड्रीवाल को फांदकर अंदर घुस गए। उन्होंने लोहे के रॉड से मकान के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। चोरों के अंदर जाते ही भूपेंद्र साहू ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस को आता देख दोनों चोर चाकू और रॉड लहराते हुए निकले और भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें धर दबोचा। एक आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है
सूना मकान पाकर घर में घुसे चोर
जिस मकान में चोरी करने चोर घुसे थे, वह मकान कुंती बाई मानिकपुरी का है। यहां कुंतीबाई अपनी बेटी के साथ रहती है। गुरुवार को वह अपने गांव किसी काम से गई थीं। उनकी बेटी अकेले होने के चलते घर में ताला लगाकर अपने चाचा के घर चली गई थी। घर में कोई न होने का फायदा उठाकर चोरों ने उसे अपना निशाना बनाया।
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम लोकेश राव और सूरज कुमार गौतम बताया। उन्होंने बताया कि वह लोग बापूनगर खुर्सीपार के रहने वाले हैं। वह लोग अपने दोस्त के साथ यहां चोरी करने आए थे। तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों में लोकेश के पास से धारदार चाकू और सूरज के पास लोहे का राड जब्त किया है।