भिलाई में मंगलवार को तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। तालाब में गई फुटबॉल निकालने के लिए युवक उसमें गया था। फुटबॉल लाने के दौरान वह गहरे पानी में फंस गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसके शव को निकाल लिया है। घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार नेहरू नगर निवासी लक्ष्मण कुमार (24) मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ भेलवा तालाब के पास बने पार्क में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने के लिए गया था। सुबह करीब 8 बजे खेलते-खेलते अचानक फुटबॉल तालाब में चली गई। लक्ष्मण तैरना जानता था, इसलिए वह फुटबॉल को निकालने के लिए तालाब में उतरा। वह तालाब से फुटबॉल लेकर लौट रहा था।
अचानक जलकुंभी में फंस गया। उस जगह पानी की गहराई लगभग 8 फीट थी। लक्ष्मण ने पानी से निकलने का काफी प्रयास किया, लेकिन निकल नहीं पाया और देखते ही देखते डूब गया। सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम को फोनकर बुलाया। टीम ने बाद में शव बरामद कर लिया।