25 फरवरी 2023
राजनांदगांव । कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन और निर्देशन में जिले के कलस्टर स्तर पर गौठानों में गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। राजनांदगांव के ग्राम पंचायत पदुमतारा में आयोजित गौठान मेला में आसपास के 8 ग्राम पंचायतों के सरपंचगण एवं महिला स्वसहायता समूह यहां आयोजित गौठान मेला में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिस गौठानों में योजना अंतर्गत अच्छे कार्य हो रहे हैं, उनसे अवगत कराने के उद्देश्य से गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से अन्य ग्राम पंचायतों के लोगों को अपने यहां भी इस तरह की गतिविधियों का संचालन करने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि गौठान योजना शासन की महत्वकांक्षी योजना है। इसके माध्यम से महिला समूह को रोजगार स्थापित कर आमदनी अर्जित करने का एक मजबूत प्लेटफार्म मिला है। कलेक्टर ने कहा कि जिले के शत-प्रतिशत गौठानों में गोबर की खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला स्वसहायता समूह गौठान योजना से जुड़कर अनेक प्रकार की गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। इससे महिला समूह को सक्रिय भागीदारी के साथ समाज की मुख्यधारा में जुडऩे का अवसर मुहैया हुआ है। कलेक्टर ने महिला समूह को प्रेरित करते हुए कहा कि आपसी एकजुटता और सहभागिता के साथ गौठान योजना का संचालन करें। इससे विभिन्न स्तर पर रोजगार स्थापित करने और स्वावलंबी बनने का अवसर मिलेगा।