6 फरवरी 2023
गोवंश की तस्करी पुलिस के लिए सर दर्द बनी हुई है। हाफिजगंज, बिथरी चैनपुर फिर बिशारतगंज। एक के बाद एक गोहत्या की घटना कर गोतस्करों ने पुलिस को चुनौती दी। इस पर पूरे जिले की पुलिस ने एकजुट होकर उनकी घेराबंदी की। गो-तस्करों की तलाश में पुलिस रातभर दौड़ी। दबिश दर दबिश से अफरा-तफरी मच गई। महज 12 घंटे में पुलिस ने 120 तस्करों को उठा लिया जिनमें 110 को अंतिम चेतावनी देते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
बिशारतगंज में गोहत्या की घटना का राजफाश, पांच भेजे जेल
वहीं, बिशारतगंज के गोहत्या प्रकरण में शामिल पांचों आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया। देवरनिया, हाफिजगंज व बारादरी पुलिस ने गोतस्करी में लिप्त तस्करों की गिरफ्तारी कर ली। देहात क्षेत्र में सर्वाधिक 115 तस्करों पर शिकंजा कसा गया। देहात में फरीदपुर पुलिस ने सर्वाधिक 24 व शहर में बारादरी पुलिस ने पांच के विरुद्ध कार्रवाई की।