पार्रीनाला के पास हाइवे पर सड़क हादसा मीडियाकर्मी की मौत

tvarit khabren - बाइक से गिरकर ट्रेलर के पहिए में आए मीडियाकर्मी की मौत, इधर दो ट्रक भिड़े

हाइवे पर सड़क हादसे में बुधवार की रात पार्रीनाला के पास एक मीडियाकर्मी की मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे की है। इधर गुरुवार दोपहर हाइवे में लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने दो ट्रक में भिड़ंत हो गई।


हादसे में ट्रक चालक गंभीर रुप से घायल है। जिसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है। एक तरफ पुलिस विभाग के द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। वहीं सप्ताह के पहले और दूसरे दिन दो हादसे हो गए। जिसमें एक हादसे में एक की मौत हो गई।

सोमनी निवासी अजीत सिंह जांगड़े (36) एक दैनिक अखबार के कार्यालय में बतौर पेजमेकर पदस्थ था। रोज की तरह काम खत्म होने के बाद करीब 10.30 बजे वह अपने घर सोमनी लौट रहा था। वह पार्रीकला चौक के पास पहुंचा था, तभी उसकी बाइक ब्रेकर में अनियंत्रित हो गई और अजीत बाइक सहित नीचे गिर गया।

इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर का पहिया अजीत के पैर और पेट के हिस्से में चढ़ गया। एंबुलेंस की मदद से अजीत को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने ट्रेलर के चालक पर मामला दर्ज किया है।

केबिन में फंसे ड्राइवर को मशक्कत के बाद निकाला

इधर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने दो ट्रकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक ट्रक धीमी गति से रायपुर की दिशा में जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक पीबी 46 डब्ल्यू 7565 पहुंचा, जिसके ड्राइवर ने ब्रेकर के सामने स्पीड कम करने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक नहीं लग पाया और सामने चल रहे ट्रक से जोरदार टकरा गया।

हादसे में ट्रक के केबिन का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सामने वाले ट्रक में चिपक गया। हादसे में ट्रक का ड्राइवर केबिन में ही फंसा रहा। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, काफी मशक्कत के बाद ट्रक ड्राइवर को बाहर निकलवाकर हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। ड्राइवर की हालत नाजुक बनी हुई है।

पार्रीकला मार्ग ब्लैक स्पॉट, नहीं थम रहे हादसे

पार्रीकला चौक को पुलिस ने ब्लैक स्पॉट के रुप में चिन्हित किया है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिसमें लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी यहां दुर्घटना रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। उस पर हाईवे में चौक-चौराहों पर भी भारी वाहनों की गति कम नहीं हो रही है। इसके चलते हादसे बढ़ते जा रहे हैं।