राजनांदगांव 04 जनवरी 2023। गुड मॉर्निंग राजनांदगांव का आयोजन माह के प्रथम शनिवार 7 जनवरी को राजनांदगांव के पुष्प वाटिका में सुबह 7 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण के तत्वाधान में आयोजित गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम में विविध खेल गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने इस कार्यक्रम में जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के कारण स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिये यह पहल की गई है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए शारीरिक गतिविधियां खेल तथा योग-प्राणायाम जरूरी है। स्वस्थ एवं तंदुरूस्त रहने के लिए स्वस्थ जीवन शैली को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में योग-प्राणायाम, कराते, रोप स्कीपिंग, जू-जित्सु, वुशु, टग ऑफ वॉर, स्केटिंग, जिम बॉल, थेरा बैंड, मिलीट्री रोप, एडवांस फिजिकल एक्सरसाईज विथ बोसु बॉल जैसे खेलों के साथ-साथ योग व्यायाम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान शामिल होने वाले लोगों को आयुर्वेदिक काढ़ा एवं प्रोटीन डाइट प्रदाय किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, सभी ग्राम पंचायतों और सभी हेल्थ वैलनेस सेंटर में भी गुड मॉर्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
क्रमांक 11 - उषा किरण -------------------
- चिटफंड कंपनी अनमोल इंडिया एग्रो हर्बल फार्मिंग लिमिटेड कंपनी के 1086 निवेशकों को एक करोड़ अस्सी लाख रूपए का होगा भुगतान
- अब तक 26249 निवेशकों को 18 करोड़ 14 लाख रूपए का किया गया भुगतान
- चिटफण्ड कंपनी के निवेशकों को राशि मिलने से मिली राहत
राजनांदगांव 04 जनवरी 2023। शासन द्वारा चिटफण्ड कंपनी के निवेशकों को लगातार राशि वापस करने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न चिटफण्ड कंपनियों के निवेशकों को रकम वापसी हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिले में चिटफण्ड कंपनी के धोखाधाड़ी की गिरफ्त में आकर कई लोगों ने अपने जीवन भर की जमा पूंजी लगा दी थी। चिटफण्ड कंपनी से निवेशकों को राशि वापस मिलने से राहत मिली है। पूर्व में अनमोल इंडिया कंपनी के राजनांदगांव जिले के कुल 849 निवेशकों को 2 करोड़ 21 लाख रूपए का भुगतान कराया जा चुका है। वर्तमान में 1086 और निवेशकों के 1 करोड़ 80 लाख रूपए भुगतान हेतु बैंक को डिमांड ड्राफ्ट तैयार करने के लिए आदेश जारी किया गया है।
अपर कलेक्टर सह नोडल अधिकारी श्री सीएल मारकण्डेय ने बताया गया कि राजनांदगांव जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न चिटफण्ड कंपनियों जैसे याल्स्को रियल स्टेट लिमिटेड, शुभ सांई देवकान लिमिटेड, एव्हीएम रियल स्टेट एण्ड एलाईड लिमिटेड, अनमोल इंडिया लिमिटेड, सहारा इंडिया आदि के लगभग 26249 निवेशकों को कुल 18 करोड़ 14 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है।
क्रमांक 12 - उषा किरण -------------------
रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा - कलेक्टर
- किसानों कीआर्थिक उन्नति के लिए कृषि से जुड़े उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, रेशम, खादी ग्रामोद्योग सहित अन्य विभाग समन्वित तरीके से करें कार्य
- रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के लिए महिला स्वसहायता समूह, युवाओं तथा लघु उद्यमी को प्रशिक्षण देने के कार्य में लाएं गति
- कोदो, कुटकी, रागी एवं अन्य लघु धान्य फसल के पैकेजिंग एवं ब्रांडिग के कार्य को बढ़ावा देने की आवश्यकता
- कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, कृषि विज्ञान केन्द्र, रेशम, खादी ग्रामोद्योग, कौशल विकास, क्रेडा विभाग की समीक्षा बैठक ली
राजनांदगांव 04 जनवरी 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि एवं इससे जुड़े अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए यह जरूरी है कि कृषि एवं उससे जुड़े उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, कृषि विज्ञान केन्द्र, रेशम, खादी ग्रामोद्योग, कौशल विकास, क्रेडा सहित अन्य विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें। जिले में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना की जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी रखें। महिला स्वसहायता समूह, युवाओं तथा लघु उद्यमी का चिन्हांकन कर लें और उन्हें प्रशिक्षण देने का कार्य प्रारंभ करें। शासन की सुराजी गांव योजना के तहत रीपा के माध्यम से ग्रामीण उद्योग तथा उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिससे स्थानीय स्तर पर ही कच्चे माल एवं स्रोत का उपयोग करते हुए गौठानों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा गौठानों में सामुदायिक बाड़ी, चारागाह के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर विकासखंड में चेतना केन्द्र हैं। इसकी देखरेख करके ज्यादा बेहतर किया जा सकता है। सामुदायिक बाड़ी में जहां आवश्यकता हो वहां ड्रिप पद्धति से सिंचाई की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने हर विकासखंड की नर्सरी को व्यवस्थित और अच्छा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने श्री सिंह ने कहा कि कोदो, कुटकी, रागी के उत्पादन को शासन द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। जिंक राईस एवं अन्य लघु धान्य फसलों की पैकेजिंग एवं ब्रांडिग का भी कार्य किया जा सकता है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को फिल्ड में कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। किसानों द्वारा जिले में व्यापक पैमाने पर पैरादान किया जा रहा है। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था हेतु पैरा शेड तथा कांजी हाऊस में सुरक्षित रखें। पशुओं के चारों के लिए नेपियर घास की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा मुर्गीपालन, बतखपालन, बकरीपालन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने की जरूरत है। किसानों के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री फार्म बनाएं। शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करते हुए किसानों को कृषि से संबंद्ध अन्य गतिविधियों में जोडऩे तथा ऋण की उपलब्धता के लिए बैंक लिंकेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने मत्स्य विभाग को गौठानों में बायोफ्लॉक तथा डबरी निर्माण करने के लिए कहा। उन्होंने मछली घर के निर्माण के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं को गौठानों में मसाला मशीन, आटा मिल उपलब्ध कराएं। विभिन्न उत्पादों के प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाए जा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रेशम पालन एवं हथकरघा उद्योग को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।
जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के अंतर्गत 4 विकासखंड में समूह की महिलाओं, युवा मितान क्लब सदस्य तथा लघु उद्यमियों का चयन कर लिया गया है तथा प्रशिक्षण का कार्य भी प्रारंभ कर रहे है। उन्होंने बताया कि गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में रीपा अंतर्गत मसाला प्रोसेसिंग यूनिट, हेचरी यूनिट, पेपर कप एवं दोना पत्तल निर्माण, हथकरघा वस्त्र निर्माण, सोयाबीन बड़ी निर्माण, तेल प्रोसेसिंग यूनिट, फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण एवं पेवर ब्लॉक निर्माण, पशुआहार, मुर्गीदाना, मछली दाना निर्माण, चना प्रसंस्करण यूनिट जैसी गतिविधियां संचालित की जाएगी। इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यानिकी श्री राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि श्री टीकम ठाकुर, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीरबल राजपूत, मत्स्य, पशुपालन विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 13 - उषा किरण -------------------