छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक महिला का दुर्गा पंडाल में दर्शन के दौरान पर्स गायब हो गया। महिला जब थाने में चोरी की FIR दर्ज कराने गई तो पुलिस ने मना कर दिया। इसके लेकर काफी देर हंगामा चलता रहा। दबाव में आकर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद महिला जब देर रात फिर दुर्गा पंडाल पहुंची तो उसका पर्स पड़ा हुआ मिल गया, लेकिन उसमें रखे रुपए गायब थे। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
सेक्टर 10 सड़क नंबर 35 की रहने वाली महिला सुमन उन्नी सोमवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के लिए बच्चों के साथ गई थीं। वहां रात करीब 8.45 बजे दुर्गा स्टेज से निकल कर मेले में झूले की तरफ गईं तो देखा कि उनके बैग की चेन खोलकर किसी ने अंदर रखा छोटा पर्स चोरी कर लिया है। पर्स में डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन गाड़ी, लाइसेंस, गाड़ी के पेपर, वोटर आईडी, पेन ड्राइव और 2200 रुपए थे।
पुलिस बोली- चोरी की जगह गुमशुदगी दर्ज कराओ
इस पर सुमन शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गई। आरोप लगाया कि पुलिस ने चोरी की FIR दर्ज करने की जगह गुमशुदगी दर्ज कराने को कहा। सुमन ने मना किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। फिर चोरी की FIR दर्ज की गई। सुमन रात करीब 11.30 बजे फिर पंडाल में पहुंची तो वहां पर्स पड़ा हुआ मिल गया। सीएसपी राकेश जोशी ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला क्या आरोप लगा रही है, जब मेरे पास शिकायत आएगी तब मैं देखूंगा।