एक साथ गिरा तापमान इस सीजन में पहली बार :

त्वरित खबरे :

12 नवम्बर 2022

मध्यप्रदेश में करीब एक सप्ताह बाद तापमान गिरकर जमीन पर आ गया है। बादलों के जाते ही रात का पारा सिकुड़ने लगा है। शुक्रवार की रात प्रदेश में इस सीजन पहली बार एक साथ तापमान गिरने वाली रही। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रात का पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सबसे ज्यादा मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अभी दो दिन तक इसी तरह तापमान रहेगा, इसके बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। अगला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 13 नवंबर से आएगा। इससे दिन और रात का पारा चढ़ेगा।

9 दिन बाद तापमान लुढ़का

मध्यप्रदेश में 9 दिन से रात का पारा 15 से ऊपर और दिन में यह 30 से ऊपर चल रहा था। शुक्रवार को दिन के बाद रात का तापमान भी लुढ़का है। कहीं-कहीं तो यह 3 से 4 डिग्री तक लुढ़क गया। भोपाल में गुरुवार रात का पारा 17.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार रात 14.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी तरह पारे में ग्वालियर में 3 और इंदौर में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। दतिया, गुना, रायसेन, राजगढ़, दमोह और नौगांव में भी 2 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान लुढ़का है।

भोपाल का वीआईपी रोड।

मैदानी इलाकों में ज्यादा ठंडक

बादलों के कारण दिन और रात के समय तापमान नीचे नहीं आ पा रहा था। बादलों के जाते ही मौसम में बदलाव हुआ है। इसका सबसे ज्यादा असर मैदानी इलाकों में पड़ा है। मैदानी इलाकों जैसे- जुबलपुर, बैतूल, भोपाल, दमोह, दतिया, गुना, ग्वालियर जैसे इलाकों में तापमान नीचे आया है, लेकिन पहाड़ी इलाके जैसे पचमढ़ी में रात का पारा करीब डेढ़ डिग्री तक चढ़ गया। अगले तीन दिन तक रात का पारा 12 से 14 और दिन में यह 32 डिग्री के नीचे रहेगा।

भोपाल में सुबह के समय हल्का कोहरा रहने लगा है।

13 से फिर बदलेगा मौसम

वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि 13 नवंबर से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है। इससे एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी। रात का पारा 14 से ऊपर चला जाएगा, जबकि दिन में 32 या उससे ऊपर जा सकता है। इससे हल्की गर्मी का एहसास हो सकता है, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की सी ठंड का एहसास बना रहेगा।


यहां सबसे कम रहा रात का पारा

शहरन्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
नौगांव11.4
रायसेन12.6
दतिया13.1
पचमढ़ी13.5

यहां सबसे ज्यादा रहा रात का पारा

शहरन्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
नर्मदापुरम18.0
सिवनी17.0
उज्जैन16.5
सीधी16.0

चार प्रमुख शहरों में रात का तापमान

शहरन्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
ग्वालियर13.2
भोपाल14.5
जबलपुर14.8
इंदौर17.1