संभागायुक्त ने धान उपार्जन केन्द्र ढाबा का किया आकस्मिक निरीक्षण :

त्वरित खबरे : किसानों को मिले आवश्यक सुविधा, इसके लिए व्यवस्था बनाये रखें :

संभागायुक्त ने धान उपार्जन केन्द्र ढाबा का किया आकस्मिक निरीक्षण

- धान बेचने आये किसानों का तिलक लगाकर और फूल माला पहनाकर किया स्वागत

- किसानों को मिले आवश्यक सुविधा, इसके लिए व्यवस्था  बनाये रखें

राजनांदगांव 02 नवम्बर 2022। दुर्ग संभागायुक्त  महादेव कावरे और कलेक्टर  डोमन सिंह ने आज राजनांदगांव जिले के धान उपार्जन केंद्र ढाबा पहुंचकर धान खरीदी का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने यहां धान बेचने आए किसान  सूर्यकांत गुप्ता, नितिन गुप्ता और धनेश बंजारे का तिलक लगाकर, फूल माला पहनाकर व नारियल भेंट कर स्वागत किया। संभागायुक्त  कावरे ने किसानों से बात कर उनका हालचाल जाना। संभागायुक्त ने पूछा कि उनके खेतों में इस साल फसल उत्पादन की क्या स्थिति है। किसानों ने बताया कि समय पर सही बारिश होने और मौसम अनुकूल होने से अपेक्षित उत्पादन हुआ है। इस दौरान संभागायुक्त ने धान खरीदी केंद्र प्रभारी से कहा कि किसान कड़ी मेहनत कर धान उत्पादन करता है। किसान की मेहनत का वाजिब दाम मिले और उनके काम का सम्मान हो, इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्र में छाया व बैठक व्यवस्था अनिवार्य रूप से बनाए रखें। उन्होंने कहा कि एक दिन में जितने किसानों से धान की खरीदी हो सके, उतने ही किसानों को धान खरीदी केंद्र में बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा ना हो कि कोई किसान धान बेचने के लिए आए और उसे अनावश्यक रूप से अधिक समय तक रूकना पड़े। इस दौरान संभागायुक्त ने धान तौलाई का भी मुआयना किया। उन्होंने कहा कि वाजिब ढंग से सही माप में तौल करें। संभागायुक्त के साथ कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने धान केंद्र का मुआयना करते हुए आवश्यक व्यवस्था बनाने और किसानों के साथ सहयोग बनाए रखने कहा। कलेक्टर ने कहा कि धान के एक-एक दाने की कीमत किसानों को मिलना चाहिए। यही सही ढंग में किसान का सम्मान होगा । उन्होंने केंद्र प्रभारी को किसानों के हित का विशेष ध्यान रखने कहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  सीएल मारकण्डेय, एसडीएम  अरूण वर्मा, खाद्य अधिकारी  भूपेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।