पिथौरा के हेमन्त खुटे चेस ट्रेनर बने

त्वरित ख़बरें - अमित पांडेय ब्यूरो प्रमुख

पिथौरा के हेमन्त खुटे चेस ट्रेनर बने

पिथौरा 30 जून को ऑल इंडिया चेस फेडरेशन द्वारा चेस इन स्कूल के लिए ट्रेनर की परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की थी जिसमें महासमुंद जिला शतरंज संघ के सचिव व प्रदेश संयोजक हेमन्त खुटे शामिल हुए थे।ऑल इंडिया चेस फेडरेशन द्वारा कल  परिणाम घोषित किया गया ।हेमन्त  को चेस ट्रेनर की परीक्षा में कामयाबी मिली है। इन्होंने बताया कि चेस इन स्कूल अखिल भारतीय शतरंज महासंघ की एक अत्यंत महत्वकांक्षी योजना है जिसे प्राथमिक शाला से ही डिप्लोमा पाठ्यक्रम के रूप में  पूरे भारत वर्ष में लागू कराने की मंशा है ताकि स्कूलों में शतरंज खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्राथमिक स्तर से ही खिलाड़ी तैयार किया जा सके । छत्तीसगढ़ में प्रदेश शतरंज संघ द्वारा पहल करते हुए इसकी व्यापक तैयारी की जा रही है। हमने स्कूलों के  लिए विशेष रूप से बुकलेट भी बनाई है ।

उल्लेखनीय है कि हेमन्त खुटे विगत 24 वर्षों से ग्रामीण अंचलों के विद्यालयों में जा जाकर बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। इन्होंने  पिथौरा में सर्वप्रथम शतरंज खेल को बढ़ावा देने सन 1997 में विज्ञान सभा शतरंज क्लब की स्थापना की थी । छत्तीसगढ़ राज्य के अस्तित्व में आते ही वर्ष 2000 में इन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ से विधिवत मान्यता लेते हुए  जिला शतरंज संघ का गठन किया। पिथौरा में इनके द्वारा शतरंज की पाठशाला का भी निशुल्क संचालन किया जा चुका है। हेमन्त ने अब तक 3000 से अधिक स्कूली बच्चों को शतरंज का प्रशिक्षण दे चुके हैं। इसके अलावा भारत की एक मात्र  शतरंज की  हिंदी पत्रिका शतरंज सम्राट हेतु कार्यकारी संपादक के रूप में अपना योगदान दे रहे है । समाचार पत्र-पत्रिकाओं में इनकी शतरंज की पहेलियां व आलेख राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुए है। हेमन्त शतरंज के खिलाड़ी के साथ-साथ राष्ट्रीय निर्णायक भी हैं। 

उल्लेखनीय है कि हेमन्त का नाम छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान की पुस्तक में भी शामिल है।