बढ़ेगा दाम,आवक होने लगी कम : पानी से पूरी तरह बर्बाद हो गई फसल

त्वरित खबरे :

18/अगस्त/2022

भारी बारिश ने सब्जी फसल को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। पहले और फिर बाढ़ की वजह से जल जमाव ने फसल को बुरी तरह बर्बाद कर दिया है। इससे लोकल बाड़ियों से सब्जी फसल की आवक अभी से ही कम होने लगी है। इसका असर सब्जी के दाम पर पड़ रहा है। शिवनाथ में बने बाढ़ की स्थिति से पानी बाड़ियों में घुस गया था। अब भी कई बाड़ियों में पानी भरा हुआ है।

इसके चलते सब्जी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। डोंगरगांव क्षेत्र के किसानों ने बताया कि सीजन में आने वाले लगभग हर तरह की सब्जी इससे प्रभावित हुई है। टमाटर की फसल भी पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। इसका असर अब सब्जी की आवक पर पड़ना तय है। ऐसी स्थिति को देखते जिला प्रशासन ने भी नुकसान के सर्वे का निर्देश दिया है।

ताकि किसानों को कुछ राहत दी जा सके। शहर से लगे आसपास के गांव और शिवनाथ किनारे मौजूद गांवों में सब्जी की फसल बड़े रकबे में ली जाती है। यहां लगातार हुई बारिश की वजह से तीन से चार दिनों तक पानी भरा रहा। कई हिस्सों में पानी अब भी कम नहीं हुआ है। इससे टमाटर सहित भिंडी, मूली, करेला व दूसरी सब्जी फसलों को सीधा नुकसान पहुंचा है। सब्जियां गलकर सड़ने लगी है। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि बाढ़ और बारिश का असर दो दिन में ही सामने आया गया है।

भारी बारिश ने धान फसल को भी पहुंचाया नुकसान
सब्जी फसलों के अलावा बारिश का नुकसान को भी हुआ है। इलाके में तीन दिनों तक दस हजार हेक्टेयर से अधिक की फसल बाढ़ में डूब गई थी। इन खेतों में अब भी जल जमाव की स्थिति है। किसान मेढ़ फोड़कर पानी की निकासी कर रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि धान को नुकसान से बचाया जा सके। लेकिन किसानों ने बताया कि कई हिस्सों की फसल बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। इसका असर धान की क्वालिटी पर पड़ना तय है। हालांकि दो दिनों से थमी बारिश ने किसानों को कुछ राहत जरूर दी है।

राहत: जलस्तर घटा घर लौट रहे हैं लोग
शिवनाथ में बाढ़ की वजह से डोंगरगांव-चौकी इलाके के करीब 25 गांव सहित शहर के सिंगदई, मोहड़ और हरदी वार्ड में कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया था। इन्हें इन शिविरों में ही भोजन व्यवस्था दी जा रही थी। बारिश रुकने के बाद अब शिवनाथ का जलस्तर धीरे धीरे कम हो रहा है। गांवों में घुसा पानी भी बाहर हो चुका है। इसके बाद ऐसे परिवारों ने राहत की सांस ली है।