12 अगस्त 2022
जिले में दो दिन तक लगातार बारिश होने से नदी, नाले उफान पर हैं तो वहीं गांवों को जोड़ने वाले रपटा व नाले के ऊपर बनी पुलिया पर पानी बहने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को इस वजह से गांव तक सीमित रहना पड़ रहा है। नदी किनारे स्थित खेतों में लबालब पानी भर गया है। धान की पूरी फसल खराब हो रही है। इससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। कुछ जगहों पर पुलिया बहने की भी खबर सामने आ रही है। हाल ही में बनाई गई सड़कें भी बारिश में धुल गई हैं और जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
चिचोला क्षेत्र के नागरकोहरा के पास रपटा पुलिया में पानी भरने से ग्रामीण आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने की मांग करते आ रहे हैं पर अफसर ध्यान नहीं देते। स्थिति यह है कि बारिश में हर साल रपटा पुलिया भरने से आवाजाही में दिक्कत होती है। इसी तरह डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत खुर्सीपार के आश्रित ग्राम विष्णुपुर का संपर्क बारिश की वजह से पूरी तरह टूट चुका है। ग्रामीण गांव से बाहर नहीं जा सक रहे हैं। इमरजेंसी में ग्रामीणों को उफनते हुए नाले को पार कर जाना पड़ रहा है।
शिवनाथ उफनी, किनारे के कई लोग शिविरों में
शिवनाथ नदी के उफान पर होने की वजह से सिंगदई क्षेत्र के 5 मकानों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस वजह से प्रभावित परिवार के सदस्यों को निषाद भवन में ठहराया गया है। यहां प्रशासन की ओर से इनके भोजन, पानी की व्यवस्था की गई है। रक्षाबंधन के दिन राजस्व विभाग की टीम ने इन परिवारों की मदद की। प्रशासन के अमले ने कैंप में पहुंचकर इनके लिए राखी, मिठाइयां और अन्य सामग्री का इंतजाम कराया।