22 जुलाई 2022
ग्वालियर। शहर में 17 साल की एक नाबालिग छात्रा को इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। महाराजपुरा इलाके में 12वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा की दोस्ती करीब 6 महीने पहले विवेक नाम के लड़के से हुई थी। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के दौरान दोनों ने एक दूसरे के फोन नंबर शेयर किए। लड़की और विवेक के बीच दोस्तों की तरह बात होने लगी, लेकिन विवेक इस नाबालिग से एकतरफा इश्क करने लगा था।
5 जुलाई को विवेक महाराजपुरा स्थित नाबालिग के स्कूल में घुस गया। स्कूल में विवेक नाबालिग छात्रा से अपने साथ चलने की जिद करने लगा। जब छात्रा ने मना कर दिया तो विवेक ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। जब छात्रा ने चीख-पुकार मचाई तो वहां स्कूल की टीचरों ने पहुंचकर विवेक को भगा दिया। डरी सहमी छात्रा घर पहुंची, लेकिन उसने अपने घर वालों को यह बात नहीं बताई।
दरअसल छात्रा के पिता सीआरपीएफ में तैनात है जो ग्वालियर से बाहर रहते हैं। डर की वजह से छात्रा चुप रही, लेकिन इस घटना के बाद भी जब विवेक ने लगातार छात्रा को परेशान करना जारी रखा तो आखिर में आज छात्रा परिजनों के साथ महाराजपुरा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विवेक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी रवि सिंह भदोरिया सीएसपी, महाराजपुरा ने दी।