आपत्तिजनक टिप्पणी, कहा- ‘एक करोड़ हिंदुओं की हत्या करवाई’, केस दर्ज महात्मा गांधी को लेकर यति नरसिंहानंद ने कहा :

त्वरित खबरे :

16 जुलाई 2022

विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्ख़ियों में रहने वाले  पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है. यति नरसिंहानंद ने महात्मा गांधी को हजारों हिंदुओं का कातिल बता डाला और कई अपशब्द कहे. वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद के मसूरी थाने में पुलिस ने यति के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है

बता दें कि यति नरसिंहानंद पहले भी अपने भड़काऊ और आपत्तिजनक बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. हाल ही में जेल भी जा चुके हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मसूरी पुलिस ने यति नरसिंहानंद के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया है. वायरल वीडियो में डासना देवी मंदिर के महंत और पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने राष्ट्र पिता महात्मा गांधी पर टिप्पणी की है. वीडियो में उन्होंने ने असम्मानजक संबोधन करते हुए महात्मा गांधी को हजारों हिंदुओं का कातिल बताया है.

यति नरसिंहानंद ने वीडियो में कहा है कि वह पूरे भारत में अभियान चलाने वाले हैं. महात्मा गांधी की वजह से सौ करोड़ हिंदुओं के पास आज एक इंच जमीन भी अपनी नहीं है और उन्हीं की वजह से आज भी हमारे संत, महात्मा जेल जा रहे हैं. मसूरी थाने में तैनात उपनिरीक्षक डॉ. रामसेवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में अन्य आपत्तिजनक टिप्पणी में महात्मा गांधी के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं. साथ ही उन्हें अंग्रेजों व दूसरे समुदाय का दलाल बताया है. यति नरसिंहानंद गिरी के इस बयान से समाज में शांति और कानून व्यवस्था भंग होने की संभावना जताते हुए उप निरीक्षक ने केस दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी.