खरगोन 27 जून 2022
जिले में अवैध शराब बिक्री की रोकथाम के लिए चलाये जा रहे पुलिस और आबकारी विभाग के अभियान के बीच बीती रात भगवानपुरा थाना क्षेत्र में एक दंपती की शराब पीने से मौत हो गई। शराब पीने के बाद दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ देर बाद मौत हो गई। ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि शराब का अत्यधिक मात्रा में सेवन या शराब के जहरीली होने के कारण दोनों की मौत हुई होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भीकनगांव एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि ग्राम मदनी खुर्द में पति, पत्नी सुबह मृत अवस्था में मिले। परिजनों के मुताबिक दोनों शराब पीने के आदी थे। उन्हें आशंका है कि जहरीली शराब के सेवन से दोनों की मौत हुई होगी। दंपती गुजरात में मजदूरी करते थे। हाल ही में पंचायत चुनाव में मतदान के लिये गांव लौटे थे।
मृतक रेमसिंग और उसकी पत्नी ममता की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने रविवार को स्थानीय चिकित्सक से उपचार भी कराया था। स्थानीय चिकित्सक ने उन्हें जिला चिकित्सालय में रेफर कर उपचार कराने की सलाह दी थी लेकिन दोनों जिला अस्पताल नहीं गए। बताया जाता है कि मृतक दंपती घर में देशी शराब के लगभग 9 खाली क्वार्टर (पौव्वा) भी बरामद हुये है।