राजनांदगांव, 30 मई 2022.
धूम्रपान से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति समाज में जनचेतना विकसित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिले में विविध जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनसामान्य में धूम्रपान के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों, एवं हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में तंबाकू व तंबाकूयुक्त अन्य उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा समाज को तंबाकू जैसी बुराई से बचाने का प्रयास किया जाएगा।
हर साल 31 मई को अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस मनाया जाता है। इस साल यह दिवस "तंबाकू, हमारे पर्यावरण के लिए खतरा" विषय पर मनाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा समस्त विभागों, नगरीय निकाय, जनपद पंचायतों व अनुदान प्राप्त शैक्षिक संस्थाओं सहित विभिन्न संगठनों को धूम्रपान की प्रवृत्ति और दुष्परिणामों के विरुद्ध व्यापक जनचेतना विकसित करने हेतु प्रचार-प्रसार के लिए निर्देशित किया गया है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश चौधरी ने बतायाः “धूम्रपान एक सामाजिक बुराई है। तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। तंबाकू खाने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे लड़ने के लिए सभी को जागरूक रहना होगा, तभी इससे मुकाबला किया जा सकता है। लोगों को इसके सामाजिक व आर्थिक दुष्प्रभाव को समझना होगा। अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिले में 31 मई को कोविड-19 से बचाव हेतु जारी निर्देशों का पालन करते हुए जनसहयोग से तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभाव पर चर्चा की जाएगी ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।”
नशामुक्ति का देंगे संदेश
अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिले में जनजागरुकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें तंबाकू के दुष्प्रभाव की जानकारी समुदाय में प्रचारित करना, सोशल मीडिया में नशापान के दुष्प्रभावों का प्रचार, नशामुक्ति हेतु विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशामुक्ति हेतु रैली, प्रदर्शन तथा साहित्य का वितरण शामिल है। नशामुक्ति प्रदर्शनी का आयोजन, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से विषयान्तर्गत प्रेरक नाटक, गीत, परिचर्चा आदि का जनहित में निशुल्क प्रसारण किया जाएगा। योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास का प्रदर्शन किया जाएगा तथा इससे होने वाले लाभ पर व्याख्यान दिया जाएगा।
कैंसर के खिलाफ चलेगा अभियान
धूम्रपान की वजह से कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है। कैंसर होने पर मरीज ही नहीं पूरे परिवार को नुकसान होता है, इसीलिए अभियान के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि वे यदि कैंसर से बचना चाहते हैं तो धूम्रपान छोड़ दें। इससे उनका परिवार और वे खुद बचेंगे तथा समाज को भी एक नई दिशा दे सकेंगे। इस बारे में जिला अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा परामर्श दिया जाएगा