सिगरेट से धुएं के छल्ले बनाते फोटो ने ली जान:इंदौर में लड़की ने आत्महत्या से पहले डॉक्टर पिता को बताया था

त्वरित खब्र्रे

इंदौर 21  मई 2022

इंदौर में डॉक्टर की बेटी हिरन्या के फांसी लगाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्रा हिरन्या (18) की दोस्ती दूसरे स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से थी। हिरन्या की मां ने कुछ समय पहले बेटी को उस फ्रेंड से दूर रहने को कहा था। जिसके बाद हिरन्या ने उससे बात करना बंद कर दी थी।


हिरन्या की फ्रेंड को यह बात अच्छी नहीं लगी थी। तब फ्रेंड ने हिरन्या को धमकी देते हुए कहा था कि मुझसे बात करना बंद क्यों किया? मैं तुम्हारे फोटो वायरल कर दूंगी। इसके बाद से हिरन्या डिप्रेशन में रहने लगी थी। दरअसल हिरन्या अपनी इस फ्रेंड और अन्य दोस्तों के साथ अक्सर चाय सुट्टा बार में जाया करती थी। ये सब वहीं बैठकर चाय-सिगरेट पीते थे। सिगरेट के धुएं के छल्ले बनाकर फोटो भी खींचते थे।

पिता से कहने के बाद भी डर रही थी हिरन्या
हिरन्या की दोस्त ने सुट्टा बार में खींचे इन्हीं फोटो को वायरल करने और पिता को दिखाने की धमकी दी थी। हालांकि यह बात हिरन्या ने अपने पिता को सुसाइड के एक दिन पहले बता दी थी। इसके बाद भी उसे फोटो वायरल होने का डर सता रहा था।

अंत्येष्टि के लिए बड़वानी गए हैं माता-पिता
थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया परिजन हिरन्या के अंतिम संस्कार के लिए बड़वानी गए हुए हैं। वहां से लौटने के बाद परिजनों के विस्तृत बयान होंगे। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने अभी इस मामले में किसी प्रकार से किसी भी दोस्त या अन्य व्यक्ति को मुलजिम नहीं बनाया है। मृत्यु का कारण यदि फोटो वायरल करने की धमकी को लेकर सामने आता है तो उसकी फ्रेंड पर भी कार्रवाई की जाएगी।

यह था मामला
रविवार देर शाम राजेन्द्र नगर इलाके के सिलिकॉन सिटी में रहने वाली हिरन्या (18) पुत्री डॉ. केशव लोनखेडे ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। मृतका मालव कन्या स्कूल में 11वीं क्लास में पढ़ती थी। घटना के वक्त छात्रा के पिता और मां घर से बाहर गए थे।

10 साल की छोटी बहन और 4 साल का भाई बिल्डिंग के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान हिरन्या ने यह कदम उठा लिया। शाम को जब माता-पिता वापस आए तो उन्होंने हिरन्या को फंदे पर लटके देखा। पिता बच्चों के डॉक्टर हैं। मां बड़वानी में सरकारी अस्पताल में नर्स है। वह हर शनिवार इंदौर आती हैं और सोमवार सुबह लौट जाती हैं। TI ने कहा, पुलिस जांच कर रही है। परिवार के बयान के बाद संबंधित स्टूडेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।