इस्लामाबाद 6 घंटे पहले
पाकिस्तानी टिकटॉक स्टार्स अकसर विवादों में भी पड़ते रहते हैं। ऐसी ही एक मामले में एक टिकटॉक स्टार ने जंगल में आग लगाकर वीडियो बनाया और उसे टिकटॉक पर अपलोड कर दिया। जिसके बाद लोगों ने उसकी खिंचाई शुरू कर दी। उस पर जानबूझ कर जंगल में आग लगाने और हजारों जीव-जंतुओं के जीवन को खतरे में डालने का आरोप लग रहा है। पुलिस अब आरोपी टिकटॉक स्टार की तलाश कर रही है।
टिकटॉक पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए लोग कुछ भी कर गुजरने को तैयार होते हैं। इसके चक्कर में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। यही कारण है कि भारत में इसे बैन कर दिया गया। लेकिन पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में आज भी चीनी एप टिकटॉक का क्रेज़ है। यहां 10 करोड़ से ज्यादा टिकटॉक यूजर्स हैं। पाकिस्तान में कई टिकटॉक सेलिब्रिटीज भी हैं। आए दिन उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं।
टिकटॉकर हुमायरा के 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, अब ढूंढ रही पुलिस
आरोपी टिकटॉकर हुमायरा असगर के 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पाकिस्तानी उनके वीडियोज को काफी पसंद भी करते हैं। लेकिन बैक ग्राउंड में आग के साथ वीडियो बनाने के बाद लोग उसे निशाने पर ले रहे हैं। अब पाकिस्तान की पुलिस भी हुमायरा को ढूंढ रही है। हालांकि हुमायरा ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया और बताया कि जंगल में आग पहले से लगी थी, उसने केवल वीडियो बनाया।
टिकटॉक वीडियो से लाखों कमाती है रबेका खान, अब एक्टिंग आजमा रही है हाथ
पाकिस्तान की एक और फेमस टिकटॉक स्टार रबेका खान अक्सर चर्चा में रहती है। उसके टिकटॉक पर 60 लाख से ज्यादा तो इंस्टा पर 32 लाख फॉलोअर्स हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रबेका अपने वीडियोज के जरिए हर महीने लाखों रुपए कमाती है। रेबका अब मॉडलिंग और एक्टिंग में भी हाथ आजमा रही है।
इन टिकटॉक स्टार्स का भी दीवाना है पाकिस्तान
पाकिस्तान में इनके अलावा भी कई टिकटॉकर्स काफी लोकप्रिय हैं। 24 साल की अलिशबा मिर्जा और जन्नत मिर्जा जुड़वा बहनें हैं। दोनों के टिकटॉक वीडियो को खूब देखा जाता है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जन्नत एक मॉडलिंग फोटो शूट के लिए 1 लाख रुपए तक लेती हैं। अकीरा हक के टिकटॉक पर 90 लाख फॉलोअर्स हैं। वो इस पर वीडियो बनाकर हर महीने तीन से चार लाख रुपए कमाती हैं। एक और टिकटॉकर रोमाइसा खान के भी सोशल मीडिया पर लाखों दीवाने हैं। पिछले दिनों उनका एक प्राइवेट वीडियो लीक हुआ था। जिसने पूरे पाकिस्तान में सनसनी मचा दी। कुछ लोगों ने आरोप लगाए कि रोमाइसा ने पिब्लसिटी के लिए जानबूझ कर वीडियो वायरल कराया है।
मीनार-ए-पाकिस्तान पर टिकटॉकर से 400 लोगों ने की थी छेड़खानी
पाकिस्तान में लोग भले ही टिकटॉक स्टार्स के वीडियोज को देखना पसंद करते हैं पर हकीकत में उनकी जरा भी इज्जत नहीं करते। पिछले साल इस्लामाबाद के मीनार-ए-पाकिस्तान पर अपने दोस्तों के साथ टिकटॉक बना रही एक लड़की को भीड़ ने घेर लिया था। लोग कई घंटों तक उसके साथ छेड़छाड़ करते रहे। उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए थे। 400 लोगों की भीड़ उसे हवा में उछाल रही थी। इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
जिन्ना की मजार पर टिकटॉक बनाने पर हुआ था बवाल
ऐसे ही एक मामले में एक महिला टिकटॉकर ने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की मजार परल फिल्मी गाने का वीडियो बनाया था। जिसके बाद पाकिस्तानी भड़क गए थे। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे जिन्ना और पाकिस्तान का अपमान बताया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मुहिम चलाया गया था।