अगले साल 5 राज्यों में चुनावों को देखते हुए पीएम मोदी ने सभी मंत्रियों को अहम निर्देश दिए हैं. पीएम मोदी ने कहा है कि मंत्री चुनावी राज्यों में सभी प्रस्तावित कामों को प्राथमिकता के आधार पर लें.
Assembly Elections 2022: अगले साल उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इन चुनावों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सभी मंत्रियों को अहम निर्देश दिए हैं. पीएम मोदी ने मंत्रियों से कहा है कि वह चुनावी राज्यों में सभी प्रस्तावित कामों को प्राथमिकता के आधार पर लें.
यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में चुनाव
पीएम मोदी के निर्देश के बाद सभी मंत्रालय रोजाना के आधार पर बैठकें कर रहे हैं. खासकर यूपी और उत्तराखंड में कामों पर जोर दिया जा रहा है. साथ ही विकास के कार्यों को लेकर लिस्ट भी तैयार की जा रही है. अगले साल देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधानसभा के चुनाव होने हैं.
एबीपी सी वोटर सर्वे में कौन जीत रहा है चुनाव?
बता दें कि हाल ही में एबीपी-सी वोटर ने इन राज्यों में सर्वे किया है. सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 259 से 267 सीटें मिल सकती हैं. इसके अलावा समाजवाद पार्टी को 109-117 सीटें, बीएसपी को 12-16 सीटें, कांग्रेस को 3-7 सीटें और अन्य को 6-10 सीटें मिल सकती हैं.