14 मई 2022
देश में गर्मी का कहर जारी है। पिछले कई दिनों से पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को कई शहरों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि राजस्थान, दिल्ली, MP सहित कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। इससे लोगों को काफी परेशानी होगी। हालांकि, इस साल देश में मानसून के समय से पहले आने का अनुमान है।
मध्यप्रदेश: नौगांव 48 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का 7वां सबसे गर्म शहर
मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को प्रदेश का नौगांव 48 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का 7वां सबसे गर्म शहर रहा। बीते 16 साल में ऐसा पहली बार है, जब मई का पहला पखवाड़ा इतना तपा है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोपाल भी शामिल है।
MP के शहरों का तापमान
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली के कई इलाकों में आज भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। हालांकि, अगले हफ्ते थोड़ी राहत दिल्ली वासियों को मिल सकती है।
UP के लोग गर्मी से परेशान
UP में भी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। लखनऊ में आज का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
राजस्थान में आज पारा 48 डिग्री के पार
राजस्थान में शनिवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर में पारा 48.1 और अजमेर में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री
बिहार में आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राज्य में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। साल 2021 में 13 जून को यास तूफान के कारण बिहार में जमकर बारिश हुई थी। अब तक का पूर्वानुमान बिहार में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश का है।
छत्तीसगढ़ में मानसून 10 दिन पहले
मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ में भी इस बार मानसून जल्दी आएगा। मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि मानसून 27 मई तक केरल तट पर पहुंच जाएगा। ऐसा हुआ और सब कुछ सामान्य रहा तो अगले 10 दिन में 7 जून तक छत्तीसगढ़ की धरती पर मानसून का आगमन होगा। प्रदेश में अभी अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है