बांकल में शिवनाथ नदी से हुए अवैध रेत उत्खनन के मामले में पंचायत का प्रस्ताव

त्वरित ख़बरें - रेत खदान की लीज रद्द करने किया प्रस्ताव पास, कार्रवाई का इंतजार

बांकल में शिवनाथ नदी से हुए अवैध रेत उत्खनन के मामले में पंचायत की ओर से भी खदान की लीज रद्द करने प्रस्ताव पास किया गया है। इस तरह लीज रद्द करने का प्रस्ताव होने के बाद पंचायत प्रतिनिधि प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। पंचायत ने प्रस्ताव किया है कि नदी के पास से रेत की निकासी होने से कटाव बढ़ रहा है। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है।

बताया है रिहायशी इलाके की ओर कटाव बढ़ने से आने वाले दिनों में भारी नुकसान हो सकता है। रेत खदान को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति भी बन रही है। इसलिए भी ग्रामीण लीज रद्द करने की मांग कर रहे हैं। हाल ही में ग्राम स्तर पर हुई बैठक में ग्रामीणों ने लीज रद्द करने के साथ ही अवैध रेत खनन करने वालों पर करवाई की भी मांग की है। ग्रामीणों में इस बात की भी नाराजगी है कि प्रशासन की ओर से जांच करने के इतने दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है।

अब तक अफसर नोटिस के जवाब का ही इंतजार कर रहे हैं। जबकि अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में कार्रवाई लगातार की जा रही है। हाल ही में खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन और फर्जी रॉयल्टी मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। इधर आम आदमी पार्टी की ओर से लीजधारक पर एफआईआर की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।

फर्जी रायल्टी से रेत परिवहन करने वालों पर मामला दर्ज
राजनांदगांव|छुरिया में फर्जी रायल्टी पर्ची से रेत का अवैध परिवहन करने वाले वाहन मालिक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो गया है। मामले की शिकायत खुद छुरिया विधायक छन्नी साहू ने की थी। जिसके बाद जांच हुई और रायल्टी पर्ची के फर्जी होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद छुरिया थाने में वाहन मालिक सन्नी भाटिया व अन्य पर धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पूरा मामला विधायक पति चंदू साहू से हुए विवाद से जुड़ा है।

रेत के अवैध परिवहन को लेकर हुए विवाद के बाद परिवहन में लगे मालवाहक के चालक ने विधायक पति पर जातिगत गाली गलौज का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद एट्रोसिटी एक्ट के तहत विधायक पति को जेल तक जाना पड़ा। इधर परिवहन को अवैध बताकर विधायक छन्नी साहू ने पुलिस व प्रशासन से शिकायत की थी।

तब परिवहनकर्ता ने रायल्टी पर्ची दिखाई और परिवहन को वैध बताया। लेकिन विधायक ने फिर रायल्टी पर्ची को फर्जी बताया। खनिज की टीम ने वाहन क्रमांक सीजी 08 एक्यू 9297 के मालिक सन्नी भाटिया द्वारा प्रस्तुत किए गए रायल्टी पर्ची का पट्‌टेदार के रायल्टी बुक से मिलान किया, जिसमें भाटिया के पर्ची का फर्जी व कूटरचित होने की पुष्टि हुई।