नई दिल्ली। सस्पेंस से भरपूर फिल्म ए थर्सडे का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम अपनी आगामी फिल्म ए थर्सडे को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिसके बाद से ही दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर के रिलीज होना इंतजार सताने लगा था। अब आखिरकार लोगों का यह इंतजार भी खत्म हो गया है। फिल्म में यामी गौतम अब तक के सबसे अलग किरदार में दिखाई दी हैं। हाल ही में सामने आए फिल्म के टीजर में केवल यामी गौतम की झलक देखने को मिली थी। वहीं बैग्राउंड इफेक्ट और म्यूजिक से यह मालूम पड़ा था कि फिल्म थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर होगी।
वहीं अब जो फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है तो यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म की कहानी वाकई अपने सस्पेंस से आपको हैरान कर देगी। ट्रेलर में यामी गौतम के अलावा डिंपल कपाड़िया, अतुल कलुकर्णी और नेहा धूपिया जैसे स्टार्स भी नजर आए हैं। डिज्नी प्लस हॉटस्टार की फिल्म 'भूत पुलिस' के बाद यामी गौतम अपनी नई फिल्म 'ए थर्सडे' के साथ स्क्रीन्स पर वापसी कर रही हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म 'ए वेडनेसडे' का सीक्वल है। इस फिल्म के ट्रेलर को देखकर लग रहा है कि यह एक जबरदस्त सस्पेंस ड्रामा होने वाला है। निर्माताओं ने फिल्म का पहला ट्रेलर रिलीज किया है।
यह ट्रेलर पूरी तरह सस्पेंस और थ्रिलर से भरा हुआ है। अब कहानी में आगे क्या होगा यह देखने के लिए दर्शकों को फिल्म का इंतजार करना होगा। ए थर्सडे का यह ट्रेलर काफी दिलचस्प है। यामी फिल्म में एक निगेटिव रोल में दिखाई देने वाली हैं। अभी इस ट्रेलर को देखकर ऐसा ही लग रहा है कि यामी गौतम के कैरैक्टर 'नैना' के दिमाग की गहराइयों में काफी रहस्य दबे हैं। यामी गौतम ने फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर करते हुए लिखा, "एक प्ले स्कूल टीचर एक दिन में और क्या कर सकती है। खैर मैं पूरे देश को हिलाने वाली हूं।"
इस दो मिनट के ट्रेलर में हम देखते हैं कि नैना एक स्कूल में टीचर है। वह अपने किंडरगार्डन स्कूल के 16 बच्चों को बंधक बना लेती है। वह फिर पुलिस की टीम (नेहा धूपिया और अतुल कुलकर्णी) को उसकी बात देश के प्रधानमंत्री (डिंपल कपाड़िया) से कराने के लिए धमकी भरे फोन करती है। वह पुलिस और प्रधानमंत्री से कहती है कि अगर वह उसकी मांगों को पूरा करने में विफल रहे तो वह इन बच्चों को मार देगी। यह फिल्म 17 फरवरी को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज की जाएगी, जिसमें यामी गौतम, डिंपल कपाड़िया, नेहा धूपिया और अतुल कुलकर्णी मुख्य भूमिका निभाएंगे।