रियल लाइफ हीरो सोनू सूद -जख्मी के लिए मसीहा बने सोनू सूद

त्वरित ख़बरें - पंजाब के मोगा में घायल युवक की जान बचाई; आधी रात अस्पताल पहुंचाकर कराया इलाज

पंजाब में सड़क किनारे रात को कार में जख्मी पड़े युवक के लिए बॉलीवुड स्टार सोनू सूद मसीहा बनकर आए। घटना मोगा स्थित कोटकपूरा बाईपास की है। सोनू सूद रात को वहां से गुजर रहे थे। तब उन्होंने देखा कि एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। वह करीब गए तो कार के अंदर एक युवक था। उन्होंने तुरंत साथियों की मदद से कार का सेंटर लॉक खुलवाया। इसके बाद युवक को खुद ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला। उसे अपनी कार में बैठाकर अस्पताल ले गए। इसके बाद वहां युवक का इलाज कराया। उसकी हालत में सुधार होने के बाद सोनू सूद वहां से वापस लौटे।

बहन कांग्रेस की टिकट पर लड़ रही चुनाव

बॉलीवुड स्टार सोनू सूद की बहन मालविका सूद पंजाब की मोगा सीट से चुनाव लड़ रही है। उन्हें कांग्रेस पार्टी ने टिकट दी है। सोनू सूद खुद राजनीति में नहीं आए लेकिन बहन के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस ने सोनू की बहन को टिकट देने के लिए अपने मौजूदा विधायक हरजोत कमल तक को दरकिनार कर दिया। इस नाराजगी की वजह से हरजोत कमल अब भाजपा में शामिल होकर मोगा से ही चुनाव लड़ रहे हैं।

कोरोना काल में चर्चा में आए सोनू

सोनू सूद कोरोना काल में खूब चर्चा में आए। जब उन्होंने कोरोना मरीजों के इलाज से लेकर उनके परिवार की जरूरतों का खर्च उठाना शुरू किया। इसके अलावा कोरोना के चलते लॉकडाउन में फंसे लोगों को उनके घर पहुंचाने में भी मदद की।