बाबूटोला में रात 11 बजे टहल रहे युवक की हत्या

त्वरित ख़बरें - आरोपियों ने विजय के चेहरे व सिर पर धारदार हथियार जैसी चीज से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी

शहर के बाबूटोला वार्ड में 27 साल के युवक की साेमवार की रात निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को तीन युवकों ने मिलकर अंजाम दिया है। जो इलाके के ही रहने वाले हैं। हालांकि तीनों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जिसके चलते पुलिस ने संदेहियों के नाम स्पष्ट नहीं किए हैं।

बाबूटोला में रहने वाला 27 वर्षीय विजय खरे रात करीब 11 बजे चौक में टहल रहा था। तभी वहां तीन संदेही युवक पहुंचे। जिन्होंने पुरानी बात को लेकर विजय से विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आक्रोशित आरोपियों ने विजय के चेहरे व सिर पर धारदार हथियार जैसी चीज से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। जब विजय की मौत हो गई तो आरोपियों ने विजय के शव को उसके घर के पीछे हिस्से में फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह शव को आसपास के लोगों ने देखा तो वार्ड में हल्ला मचा।

गिरफ्तारी जल्द: सीएसपी
रात में ही कुछ लोगों ने आरोपियों को ऑटाे के माध्यम से विजय के शव को उसके घर के पीछे ले जाते देखने की जानकारी दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सीएसपी गौरव राय ने बताया कि मामले को तीन संदेहियों ने मिलकर अंजाम दिया हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

इलाके में गुंडागर्दी करते लोगों को धमकाता रहा
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि विजय की हत्या के बाद भी आरोपी देर रात तक इलाके में ही घूम रहे थे। वार्ड के लोगों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी इलाके में लगातार लोगों से विवाद करता था। क्षेत्र में रौब जमाने के लिए आए दिन मारपीट करता था। वहीं खुलेआम शराब और सट्टे का काम भी करता था।

जिसकी पूर्व में भी कई शिकायतें हो चुकी हैं। कुछ समय पहले चिखली पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। लेकिन आरोपी का हौसला बुलंद था, जिसके चलते वह दोबारा अवैध कारोबार करने लगा। इलाके के लोग लंबे समय से आरोपी की हरकतों से परेशान थे। कुछ महीने पहले मृतक विजय और मुख्य आरोपी के साथ गांव में ही जमकर विवाद होने की जानकारी भी आसपास के लोगों ने दी है।

परिवार के सदस्य दूसरे घर में रहते थे, मृतक अकेला था
वार्डवासियों ने बताया कि मृतक विजय खरे 6 भाईयों में चौथे नंबर का था। उसके माता-पिता और भाई वार्ड में ही अपने दूसरे मकान में रहते थे। जबकि विजय दूसरी गली में मौजूद अपने घर में अकेले ही रहता था। विजय की शादी भी नहीं हुई थी। वारदात वाली रात वह घर में अकेले ही था। आशंका है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुराने विवाद को लेकर शुरू की बहस, फिर मारा
जानकारी मुताबिक आरोपी रात में विजय के पास पहुंचे। जहां कुछ महीने पहले हुए विवाद की बात को लेकर बहस शुरू कर दिया। इसके बाद चौक में ही विजय से मारपीट शुरू कर दी। आशंका है कि धारदार हथियारों से वार करने के बाद विजय का गला भी घोंटा गया है। जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

पार्षद बोले- कड़ी सजा हो वार्डवासियों में आक्रोश
वारदात के बाद इलाके में जहां दहशत का माहौल है, वहीं वार्डवासियों में आक्रोश भी है। पहले ही वार्डवासी आरोपी की हरकतों से परेशान थे। मृतक के परिजन व वार्डवासी जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने कहा कि हत्या के आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे। ऐसी निर्मम हत्या करने वालों को कड़ी सजा दिलाई जाए।

पुलिस बाेली: छापेमारी की जा रही, फुटेज खंगाल रहे
सीएसपी गौरव राय ने बताया कि आरोपियों की पतासाजी में लगातार छापेमारी की जा रही है। जिन हिस्सों में आरोपियों के छिपे होने की आशंका हैं, वहां पुलिस की टीम पहुंच रही है। इसके अलावा पूरे इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। हालांकि देर शाम तक पुलिस की टीम आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई थी। लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।