दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के महिला थाना सेक्टर-6 के समीप करीब 35 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। साथ ही दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान – नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की।
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के लोगों को साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों के निराकरण और जटिल मामलों की जांच में सुविधा मिलेगी। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की विवेचना की जाएगी। इसके अलावा डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया। इससे क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।
तीन स्तर पर चलेगा नशामुक्ति अभियान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए नशे के खिलाफ तीन स्तरीय कार्ययोजना लागू करने की पहल की। इसके तहत गांवों, वार्डों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर अपराध और नशे से जुड़ी हेल्पलाइन
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
मानस हेल्पलाइन: 1933
एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन: 94791-5151
नवीन साइबर क्राइम थाना और संकल्प अभियान के माध्यम से दुर्ग पुलिस का लक्ष्य साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को सहायता और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है।