राजनांदगांव में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान और टीकाकरण पर जोर

त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। महिला बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र राजनांदगांव में हुई इस बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान और नियमित फॉलोअप पर विशेष जोर दिया गया। सीएमएचओ ने होम डिलीवरी के मामलों में कमी लाने और उप स्वास्थ्य केन्द्रों में सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बीसीजी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा।

एनीमिया, सिकल सेल और टीबी स्क्रीनिंग की समीक्षा

बैठक में एनीमिया एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, लिम्फेटिक फाइलेरियासिस (एलसीडीसी) सर्वे और एनसीडी पोर्टल पर दर्ज की जा रही जानकारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. नवरतन ने मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रत्येक कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया, डॉ. अशोक बसोड़, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार, सलाहकार डॉ. विकास, सीपीएम पूजा और एमआईईओ रहिशा बेगम सहित सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईटीओ, बीडीएम और सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित रहे।