राजनांदगांव के 40 गांवों को मिली एंबुलेंस की सौगात: बूचाटोला स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे के भीतर पूरी हुई मांग...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। जिले के छुरिया विकासखंड के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला को एंबुलेंस की सुविधा मिल गई है। सांसद संतोष पांडे की पहल पर महज 24 घंटे के भीतर एंबुलेंस की मांग पूरी हुई। इससे स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर करीब 40 गांवों के ग्रामीणों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

दरअसल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला के अंतर्गत आने वाले गांवों में आपातकालीन स्थिति के दौरान मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी। स्वास्थ्य केंद्र छुरिया की दूरी ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 30 किलोमीटर होने और समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। बूचाटोला स्वास्थ्य केंद्र में अपनी एंबुलेंस नहीं होने से यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी।

ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सभापति श्रीमती बिरम मंडावी ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर बूचाटोला स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस मांग पर सांसद संतोष पांडे की पहल से त्वरित कार्रवाई हुई और 24 घंटे के भीतर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करा दी गई।

गर्भवती महिलाओं और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

एंबुलेंस मिलने से अब क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी। खासकर गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने में यह सुविधा मददगार साबित होगी। करीब 40 गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

मांग पूरी होने पर बिरम मंडावी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और नेताओं के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।